मुंबई ने चेन्नई नौ विकेट से हराया

सूर्यकुमार यादव और रोहित शर्मा की शानदार साझेदारी की मदद से मुंबई इंडियंस ने चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) को नौ विकेट से हराया। चेन्नई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में पांच विकेट पर 176 रन बनाए थे, लेकिन रोहित और सूर्यकुमार ने दूसरे विकेट लिए शतकीय साझेदारी की जिससे मुंबई ने 15.4 ओवर में एक विकेट पर 177 रन बनाकर मैच जीत लिया। मुंबई के लिए इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर उतरे रोहित 45 गेंदों पर चार चौकों और छह छक्कों की मदद से 76 रन बनाकर नाबाद लौटे, जबकि सूर्यकुमार यादव ने 30 गेंदों पर छह चौके और पांच छक्के की मदद से नाबाद 68 रन बनाए।
लक्ष्य का पीछा करते हुए रियान रिक्लेटन और रोहित ने मुंबई को अच्छी शुरुआत दिलाई। इन दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 63 रन जोड़े। मुंबई को पहला झटका रिक्लेटन के रूप में लगा जो 19 गेंदों पर तीन चौकों और एक छक्के की मदद से 24 रन बनाकर आउट हुए। पिछले कुछ बार की तरह इस मैच में भी मुंबई ने रोहित का इस्तेमाल इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर किया। रोहित पिछले कुछ समय से खराब फॉर्म से गुजर रहे थे, लेकिन इस मैच में वह अलग ही लय में नजर आए।



