दिल्ली-मुंबई तीसरी लहर का बन रहे हब! दोनों शहरों में 20 हजार से ज्यादा नए केस

देश की राजधानी दिल्ली और मायानगरी मुंबई देश में तीसरी लहर का हब बनते जा रहे हैं। एक तरफ मुंबई में लगातार तीसरे दिन कोरोना केस 20 हजार से ज्यादा आए तो वहीं दिल्ली में दो प्रतिशत पॉजिटिविटी रेट के इजाफे के साथ कोरोना का नया आंकड़ा 20 हजार पार कर गया। देश में कोरोना वायरस की तीसरी लहर ने दस्तक दे दी है और हर दिन बीते कल के मुकाबले 40 फीसदी से ज्यादा केस दर्ज किए जा रहे हैं। इस बीच महाराष्ट्र की उद्धव ठाकरे सरकार ने 10 जनवरी से रात्रि कर्फ्यू के आदेश दे दिए हैं।
देश में ओमिक्रॉन का कहर जारी है। कोरोना की तीसरी लहर के बीच मायानगरी मुंबई और देश की राजधानी दिल्ली में कोरोना के मामले डराने वाले हैं। शनिवार को मायानगरी मुंबई में कोरोना के 20318 नए मामले सामने आए। वहीं, दिल्ली में कोरोना के 20181 नए मामले दर्ज हुए। दिल्ली में पॉजिटिविटी रेट हर दिन दो प्रतिशत का इजाफा कर रहा है। दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सतेंद्र जैन कह चुके हैं कि कोरोना के मामले लगातार बढ़ना चिंता का विषय है। हालांकि कोरोना मामले बढ़ने के बावजूद अभी अस्पतालों में उतने एडमिट केस नहीं है।मुंबई में कोरोना के एक्टिव केस 1 लाख पार
देश की मायानगरी मुंबई में आज कोरोना के 20318 नए केस सामने आए। इसके अलावा कोरोना से पांच लोगों की मौत हुई है। महाराष्ट्र स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, शनिवार को 20 हजार से ज्यादा नए कोरोना मामलों के बाद एक्टिव केस 1,06,037 हो गए हैं। ये लगातार तीसरा दिन है जब मुंबई में कोरोना के दैनिक केस 20 हजार पार करे हों।
महाराष्ट्र में नाइट कर्फ्यू
महाराष्ट्र सरकार ने राज्य में कोविड के बढ़ते मामलों को देखते हुए 10 जनवरी से राज्य में रात का कर्फ्यू लगा दिया। इसकी समयावधि रात 11 बजे से सुबह पांच तक रहेगा। स्कूल और कॉलेज, जैसा कि पहले घोषित किया गया था, 15 फरवरी तक बंद रहेंगे। इसके अलावा, सरकार ने अब निजी कार्यालयों को 50% क्षमता पर संचालित करने के लिए कहा है। रेस्टोरेंट, शॉपिंग मॉल और ऑडिटोरियम को आधी क्षमता से काम करने को कहा गया है। , सरकार ने कहा है कि जिम, ब्यूटी सैलून बंद रहेंगे।
दिल्ली में वीकेंड कर्फ्यू का असर भी बेअसर
दिल्ली में शुक्रवार रात 10 बजे से 55 घंटे का वीकेंड कर्फ्यू लग चुका है। इसके बावजूद शनिवार को कोरोना के नए केस 20 हजार पार कर गए। दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सतेंद्र जैन का कहना है कि रविवार को देखा जाएगा कि वीकेंड कर्फ्यू के बाद कोरोना के आंकड़ों में कितना बदलाव आता है। हालांकि उन्होंने ये भी कहा कि दिल्ली में पॉजिटिविटी रेट हर दिन दो प्रतिशत के साथ बढ़ रहा है।



