जंगली बिल्ली व बिज्जू शिकार के मामले में फरार शिकारियों की तलाश शुरू

बिलासपुर। सोठी सर्किल के बिटकुला में जंगली बिल्ली व बिज्जू शिकार के मामले में फरार शिकारियों की तलाश शुरू हो गई है। सोठी सर्किल के ही प्रभारी को टीम बनाकर आरोपितों को पकड़ने की जिम्मेदारी दी गई है। बुधवार को टीम शिकारियों के घर, गांव व स्वजन से पूछताछ करती रही। हालांकि अभी किसी तरह सुराग नहीं मिला है। लेेकिन, यह उम्मीद जताई जा रही है कि एक या दो-दिन में दोनों शिकारी भी वन विभाग के गिरफ्त में होंगे।

घटना सोमवार की है। मंगलवार को घेराबंदी कर नौ शिकारियों को गिरफ्तार किया गया और उनके कब्जे से लाठियां भी बरामद हुईं। हालांकि सभी को एक साथ पकड़ने की हड़बड़ी में दो शिकारी कमल व भरतराम मौके से भाग निकलने में सफल रहे। पकड़े गए शिकारियों से ही पूछताछ करने पर दोनों की पहचान हुई है।

वन विभाग ने नौ शिकारियों के साथ-साथ इन दोनों के खिलाफ भी अपराध दर्ज किया है। इसलिए उन्हें पकड़ने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। हालांकि वह गांव में नहीं है। इसकी पुष्टि जांच के दौरान हुई है। ऐसे में वह अपने किसी रिश्तेदार या फिर मित्र के घर में छिप सकते हैं। वह किन-किन जगहों पर जा सकते हैं कि इसकी जांच पड़ताल वनकर्मी कर रहे हैं। लेकिन, उन्हें सफलता नहीं मिली है।

दूसरे जिले से शिकारियों का पहुंचना चिंता का विषय

इस घटना ने वन विभाग की चिंता बढ़ा दी है। दरअसल पकड़े गए नौ शिकारी और फरार दोनों आरोपित जांजगीर- चांपा जिले के हैं। यहां से सभी केवल वन्य प्राणियों का शिकार करने के लिए बिटकुला पहुंचे थे। दूसरे जिले के शिकारियों की सक्रियता से विभागीय अमला परेशान है। जांच के दौरान यह खंगालने का भी प्रयास किया जा रहा है कि कहीं स्थानीय लोगों की तो उन्हें सह नहीं है। हालांकि अभी ऐसी कोई जानकारी सामने नहीं आई है।

बढ़ाई गई सुरक्षा, लगातार सर्चिंग के निर्देश

वनमंडलाधिकारी कुमार निशांत ने इस घटना के बाद जंगल की सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही लगातार रात्रिकाली गश्त करने के लिए भी कहा है। जांच टीम बनाकर करने के लिए भी कहा है।

Related Articles

Back to top button