हर्षवर्धन ने कहा जनवरी में लगने लगेंगे कोरोना टीके

नई दिल्ली।केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने रविवार को कहा कि जनवरी के किसी भी सप्ताह में कोरोना वायरस वैक्सीन का टीका देशवासियों को लगना शुरू हो जाएगा।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि हमारी प्राथमिकता सुरक्षा और वैक्सीन के प्रभाव को लेकर है। हम किसी भी मामले में समझौता नहीं करना चाहते। मुझे व्यक्तिगत रूप से उम्मीद है कि जनवरी में वैक्सीन का टीका लगना शुरू हो जाएगा।
बता दें कि देश में कोविशील्ड और कोवैक्सीन के साथ अन्य कोरोना वायरस वैक्सीन का ट्रायल जारी है। अनुमान लगाया जा रहा है कि 2021 के शुरुआत में कोविड वैक्सीन सभी के लिए उपलब्ध होगी। इससे पहले शनिवार को उन्होंने कहा था कि वैज्ञानिक और एक्सपर्ट्स स्वदेशी वैक्सीन पर काम कर रहे हैं और 6-7 महीने में 30 करोड़ लोगों को वैक्सीन देनी की क्षमता हासिल कर ली जाएगी। उन्होंने बताया था, ‘जीनोम सीक्वेंसिंग और कोरोना वायरस का आइसोलेशन कर वैक्सीन बनाई जा रही है।’
सुरक्षा के लिए एहतियात बरतने होंगे
देश में 6 वैक्सीन कैंडिडेट ट्रायल के अलग-अलग चरणों पर हैं। तीन वैक्सीन प्री-क्लिनिकल स्टेज पर हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने बताया था कि सभी वैक्सीनों की दो से तीन खुराकें दी जाएंगी। वैक्सीन देने के बाद भी कोविड-19 से सुरक्षा के लिए लोगों को एहतियात बरतने होंगे।



