इस प्रदेश में बढ़े कोरोना के केस, स्कूल-कॉलेज 31 दिसंबर तक के लिए बंद; चार जिलों में नाइट कर्फ्यू

कोरोना वायरस के बढ़ते केसों को ध्यान में रखते हुए हिमाचल प्रदेश सरकार ने स्कूल और कॉलेजों को 31 दिसंबर तक बंद रखने का आदेश दिया है। सोमवार को कैबिनेट की हुई बैठक में यह फैसला लिया गया है। इसके साथ-साथ राज्य के चार कोरोना से सबसे ज्यादा प्रभावित जिलों में रात का कर्फ्यू भी लगा दिया गया है।
जिन चार जिलों में नाइट कर्फ्यू की लगाने का फैसला किया गया है उसमें मंडी, कांगड़ा, शिमला और कुल्लू शामिल है। इन चार जिलों में रात 8 बजे से सुबह 6 बजे तक नाइट कर्फ्यू लागू रहेगा। राज्य की राजधानी शिमला में नवंबर में कोरोना वायरस के मामलों में दोगुनी वृद्धि देखने को मिली है। अकेले शिमला में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 5521 पहुंच गया है।
जिले में 31 अक्टूबर के बाद से 3,023 मामलों की वृद्धि दर्ज की गई है। इसी तरह, मंडी ने नवंबर में 2491 नए मामले दर्ज होने के साथ कुल संक्रमितों का आंकड़ा 5516 पहुंच गया है। इसी तरह से कुल्लू में नवंबर में कोरोना वायरस के 1515 नए केस के साथ संक्रमितों का आंकड़ा 3065 पहुंच गया है।
राज्य सरकार ने कहा है कि सभी सरकारी शिक्षम संस्थान 31 दिसंबर तक बंद रहेंगे। ऑनलाइन कक्षाएं 26 नवंबर से शुरू हो जाएंगी। शिक्षक भी अगले आदेश तक कर से ही काम जारी रखेंगे। हाई स्कूल, सीनियर सेकेंडरी स्कूल और कॉलेज के कार्यालय 26 नवंबर से खुले रहेंगे। किस संकाय के सदस्य को बुलाना है यह प्राचार्य के विकेक पर रहेगा।
इसके साथ-साथ राज्य सरकार ने 1 जनवरी से 12 फरवरी, 2021 तक शीतकालीन छुट्टियों के लिए शैक्षणिक संस्थानों को बंद करने का भी फैसला किया है। हालांकि, इस अवधि के दौरान ऑनलाइन कक्षाएं जारी रहेंगी।



