आ गई पोन्नियिन सेलवन 2 की रिलीज डेट, अप्रैल में इस तारीख को …

मशहूर निर्देशक मणिरत्नम की फिल्म ‘पोन्नियिन सेलवन-1’ पिछले साल की बड़ी हिट थी, जिसे दर्शकों और क्रिटिक्स दोनों का प्यार मिला था। ‘पोन्नियिन सेलवन-1’के बाद से ही फैन्स को इसके दूसरे पार्ट का बेसब्री से इंतजार था। फिल्म के मेकर्स ने अब पोन्नियिन सेलवन-2 की रिलीज डेट की घोषणा करके इंतजार को खत्म कर दिया है। पिछला साल फिल्म इंडस्ट्री के लिए कुछ खास बढ़िया नहीं रहा था, इसके बावजूद ‘पीएस 1’उन चुनिंदा फिल्मों में से है जिसने टिकट खिड़की पर कई रिकॉर्ड अपने नाम किए थे। तमिल सिनेमा की हाइएस्ट ग्रॉसर फिल्मों में से एक बन चुकी यह फिल्म इस साल भी धमाल मचाने आ रही है।
मंगलवार को लाइका प्रोडक्शंस और मद्रास टॉकीज ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा करके इस साल 28 अप्रैल को पोन्नियिन सेलवन-2 को IMAX के थिएटर्स में वर्ल्डवाइड रिलीज करने का ऐलान किया। ‘पोन्नियिन सेलवन’ मणिरत्नम ने डायरेक्ट किया है तथा लाइका प्रोडक्शंस ने प्रोड्यूस और डिस्ट्रिब्यूट किया है। लाइका प्रोडक्शंस आई, रोबोट 2.0 जैसी फिल्में बनाकर पहले ही चर्चित हो चुका है।
पीएस 1 और 2 तमिल उपन्यास ‘पोनियिन सेलवन’ पर बेस्ड है, जिसे कल्कि कृष्णमूर्ति ने लिखा था। पांच वॉल्यूम के इस उपन्यास को तमिल साहित्य के सबसे क्लासिक नॉवल्स में शुमार किया जाता है। कहानी 10वीं सदी में राज करने वाली चोल वंश के शाही परिवार के बारे में है। इसमें मुख्य किरदार में ऐश्वर्या राय के अलावा विक्रम, जयराम रवि और कार्ति ने निभाया है। मणिरत्नम की पिछली कई फिल्मों की तरह इस फिल्म का म्यूज़िक भी एआर रहमान ने कंपोज किया है।
PS-1 को इंडिया की दूसरी सबसे महंगी फिल्म बताया गया था। इसका बजट है 500 करोड़ रुपये का था जबकि रजनीकांत और अक्षय कुमार की फिल्म ‘2.0’ को 570 करोड़ रुपये के बजट में बनाया गया था, जो कि इंडिया की सबसे महंगी फिल्म बताई जाती है।



