बेटी के लिए गाना गुनगुना रही थी महिला, वीडियो देख सोनू सूद ने दिया यह ऑफर

बॉलीवुड अभिनेता सोनू सूद कोरोना वायरस महामारी के दौरान कई लोगों के लिए मसीहा बनकर उभरे थे। वह अक्सर अपने काम को लेकर चर्चा में रहते हैं। हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक महिला गाना गाते हुए दिख रही है। उस महिला का गाना इतना वायरल हुआ कि अभिनेता सोनू सूद ने भी उसे अपने ट्विटर अकाउंट पर साझा किया। दरअसल, इस वीडियो में महिला बेहद सुरीली आवाज में गाना गा रही है, जिसके बाद यह वीडियो लोगों को खूब पसंद आ रहा है और लोग भी इसे जमकर शेयर करते हुए दिख रहे हैं।

इस वीडियो में एक महिला चूल्हे पर रोटियां बनाते हुए नजर आई। उस महिला की बेटी उससे गाना गाने को कहती है, जिसके बाद शुरुआत में वह मना करती है। हालांकि, बेटी के कहने पर वह तेरे नैना सावन भादो गाना गाती है। महिला की आवाज किसी बड़े संगीतकार की तरह है। यह वीडियो ट्विटर पर साझा किया गया है। वहीं, अभिनेता सोनू सूद ने भी इसी वीडियो को साझा करते हुए अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर लिखा है- नंबर भेजिए मां फिल्म के लिए गाना गाएगी। इस वीडियो के वायरल होने के बाद लगातार लोग कमेंट्स करते हुए नजर आ रहे हैं। लोग महिला की तारीफ में कमेंट कर रहे हैं। आपको बता दें कि इससे पहले भी सोनू सूद कई लोगों की मदद कर चुके हैं और उन्हें आगे बढ़ाते हुए नजर आए हैं।

Related Articles

Back to top button