भेंट मुलाकात कार्यक्रम में शामिल हाेने बेलपान पहुंचे सीएम भूपेश बघेल

बिलासपुर । मुख्‍यमंत्री भूपेश बघेल मंगलवार रात बिलासपुर में वैवाहिक समारोह में शामिल होने के बाद बुधवार की सुबह हेलीकाप्‍टर से तखतपुर विधानसभा क्षेत्र के बेलपान और खैरी में आयोजित भेंट मुलाकात कार्यक्रम में शामिल होने के लिए रवाना हुए। सीएम के साथ में संसदीय सचिव और तखतपुर विधायक रश्‍मि सिंह भी मौजूद है। सीएम सबसे पहले बेलपान में भेंट मुलाकात कार्यक्रम के दौरान मुख्‍यमंत्री ग्रामीणों से राज्‍य शासन की योजनाओं की जानकारी ली। योजनाओंं के क्रियान्‍वयन से ग्रामीण कितना संतुष्‍ट है इस बात को लेकर उन्‍होंने फीडबैक भी लिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि किसानो का क़र्ज़ा बढ़ते जा रहा था। लोग किसानी छोड़ रहे थे, कुछ किसानों ने परेशान होकर खेती से मुंह मोड़ लिया था, हमने सरकार बनते ही दो घंटे में किसानो का क़र्ज़ा माफ़ किया। सरकार ने अपना वादा पूरा किया, कल तक हमने 100 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी कर ली है। उत्पादन दो गुना हो गया है। किसानों की संख्या और जमीन का रकबा दोनों बढ़े हैं। सरकारी योजनाओं से किसानों को ताक़त मिल रही है, किसानों की ताक़त बढ़ने से खेती लाभदायक हुई है। छत्तीसगढ़ में हमारे अन्नदाता बहुत प्रसन्न हैं, फसल भी बहुत अच्छी हो रही है। इस साल समर्थन मूल्य में मूंग दाल, उड़द भी खरीदा जाएगा। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी किसान न्याय योजना से किसानों को लाभांवित किया जा रहा है। सरकार द्वारा मोटे अनाज को प्रोत्साहन दिया जा रहा है। कोदो बोने वाले किसानों को योजना के तहत लाभांवित किया जा रहा है। हमारी सरकार ने लाखों परिवारों को लाकडाउन में रोजगार दिया। संकट में भी हम जनता के साथ खड़े रहे हैं। किसानों और मजदूरों की जेब में पैसा जाए, यही सरकार का उद्देश्य है। सीएम भूपेश बघेल बेलपान और खैरी के बाद खपरी में ग्रामीणों के साथ ही व‍िभिन्‍न समाज के प्रमुखों, कांग्रेस के पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे। सीएम आज रात खपरी के रेस्‍ट हाउस में ठहरेंगे और रात्रि विश्राम करेंगे।

ग्रामीण औद्योगिक पार्क का किया अवलोकन

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल बघेल ने अपने भेंट मुलाकात अभियान के क्रम में विधानसभा क्षेत्र कटघोरा अंतर्गत बेलपान में तेजी से विकसित किए जा रहे ग्रामीण औद्योगिक पार्क का अवलोकन किया। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने स्व सहायता समूह की महिला सदस्यों के आग्रह पर उनके द्वारा बनाए गए कोसा के जैकेट को पहना और लाभांवित हितग्राहियों से भी बात की। मुख्यमंत्री ने रीपा औद्योगिक पार्क स्थल पर पीपल का पौधरोपण भी किया। सीएम ने कहा कि तेजी से विकसित हो रहे है रीपा में 8 युवा उद्यमी बेल्डिंग, सिलाई, कूलर मेकिंग, स्लीपर मेकिंग, सीमेंट पोल बनाने, लोहे के उपकरण बनाने के काम करेंगे। साथ ही बेलपान में स्थापित हो रहे रीपा में 31.50 लाख रुपये की लागत से फ्लाई ऐश से ईट बनाने का यूनिट शुरू होगा। यहां अत्याधुनिक मशीनों द्वारा फ्लाई ऐश ईट बनाई जाएंगी। जिनका उपयोग अधोसंरचना निर्माण और सरकारी तथा निजी क्षेत्रों के निर्माण कार्यों में किया जाएगा। इसके लिए यहां सेड, स्टोर और वर्किंग क्षेत्र के लिए आधा एकड़ भूमि विकसित की गई है। ईट बनाने के लिए फ्लाई ऐश सीपत के बिजली घर से लिया जाएगा। इस रीपा में मसाला उद्योग से 9 महिला सदस्यों का स्व सहायता समूह लाभांवित होगा। रीपा आद्यौगिक पार्क स्थल पर मुख्यमंत्री के साथ ही राजस्व मंत्री श्री जयसिंह अग्रवाल द्वारा जाम के पौधे और संसदीय सचिव व तखतपुर विधायक रश्मि आशीष सिंह द्वारा कदम के पौधे का रोपण किया गया। सीएम भूपेश बघेल से सीधा संवाद करते हुए तखतपुर के घनश्याम ने बताया कि उन्हें विशेष सहायता योजना से 20 लाख रुपये का लाभ वित्तीय वर्ष में प्राप्त हुआ है। उन्होंने मुख्यमंत्री को धन्यवाद देते हुए कहा- मुझे लंग्स की बीमारी थी और मैं योजना से लाभांवित होकर आज स्वस्थ हूं। इसी क्रम में मुख्‍यमंत्री से बात करते हुए दुकलहिन यादव ठाकुर खापा ने बताया कि अब तक 6 हज़ार रुपए का गोबर बेचा है। गोधन न्याय योजना से आमदनी हो रही है। व़हीं तखतपुर स्थित स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यमिक विद्यालय की कक्षा 12वीं की छात्रा श्रेया पांडेय ने बताया कि पहले आरबीएस तखतपुर स्कूल में पढ़ती थी, स्वामी आत्मानंद स्कूल में अच्छी पढ़ाई होती है, यहां पर लैब लाइब्रेरी आदि की अच्छी सुविधाएं मिल रही है। सरकार की पहल पर अच्छी गुणवत्ता की निश्‍शुल्क शिक्षा दी जा रही है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल अपने प्रदेशव्यापी भेंट-मुलाकात अभियान के तहत ग्राम खैरी पहुंचे। मुख्यमंत्री ग्राम खैरी में अपने भेंट मुलाकात के पहले किसान सम्बोध सिंगरौल के आतिथ्य में भोजन के लिए पहुंचे। मुख्यमंत्री का किसान सिंगरौल के परिवारजनों ने घर के मुख्य द्वार पर तिलक-आरती किया और पुष्प-गुच्छ तथा शाल भेंटकर उनका आत्मीय स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने सिंगरौल परिवार के सदस्यों द्वारा सादगी के साथ परोसे गए स्वादिष्ट छत्तीसगढ़िया भोजन का स्वाद चखा। सिंगरौल परिवार ने पूरी आत्मीयता के साथ मुख्यमंत्री को भोजन में चावल, दाल, रोटी के साथ लाल और पालक की मिक्स भाजी, तिवरा भाजी, मुनगा-बड़ी की सब्जी, सेमी-भांटा की सब्जी, बिजौरी, मुरकु, पापड़, सलाद और विशेष रुप से चिरपोटी पताल की चटनी भी परोसा । मुख्यमंत्री ने स्वादिष्ट छत्तीसगढ़िया भोजन के लिए सिंगरौल एवं उनके परिवार को उपहार भेंटकर धन्यवाद दिया। मुख्यमंत्री को अपने आतिथ्य में परिवार के बीच बैठकर भोजन करता पाकर परिवारजन खुशी से गदगद थे।

सीएम ने की ये घोषणाएं

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा बिलासपुर जिले के तखतपुर विधानसभा के अंतर्गत बेलपान ग्राम में आयोजित भेंट-मुलाकात में की गई घोषणाएं। – तखतपुर नगर के जल संकट को दूर करने जल आवर्धन योजना में तखतपुर को खुड़िया जलाशय से जल आपूर्ति की जाएगी। – बेलपान मंदिर / मेला स्थल को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा। – प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बेलपान के लिए एंबुलेंस प्रदान की जाएगी। – बेलपान में प्री-मैट्रिक आदिवासी बालक छात्रावास 50 सीटर का निर्माण किया जाएगा। – तखतपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के लिए भवन निर्माण कराया जाएगा। – उस्लापुर फ्लाईओवर से सकरी तक सड़क चौड़ीकरण कराया जाएगा। – ग्राम भरनी में गुरू घासीदास जयंती मेला स्थल पर भवन एवं अहाता निर्माण कराया जाएगा। – ग्राम पंचायत गनियारी को नगर पंचायत बनाया जाएगा। – ग्राम संकरीभांटा में मिनी स्टेडियम का निर्माण कराया जाएगा। – ग्राम साल्हेकापा में मीडिल स्कूल व ग्राम निगारबंद, बेलसरा तथा पोंगरिहा में प्राथमिक शाला के लिए भवन का निर्माण कराया जाएगा। – ग्राम दर्री के स्टेडियम का उन्नयन व बाउंड्रीवाल निर्माण कराया जाएगा। – शासकीय पालिटेक्निक कालेज तखतपुर का नामकरण स्व. ठाकुर बलराम सिंह पूर्व विधायक तखतपुर के नाम पर। – शासकीय नवीन कन्या महाविद्यालय तखतपुर का नामकरण वीरांगना रानी दुर्गावती के नाम पर करने के लिए घोषणा। – बीजापुर में प्राथमिक शाला का माध्यमिक स्कूल में उन्नयन। – सेदा माध्यमिक स्कूल के हाई स्कूल में उन्नयन।

Related Articles

Back to top button