बच्चों को ना पिलाएं ये 2 कफ सिरप, WHO का अलर्ट

नोएडा. नोएडा स्थित दवा कंपनी की ओर से निर्मित दो कफ सिरप को लेकर विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने अलर्ट जारी किया है। उज्बेकिस्तान में कथित तौर पर कफ सिरप दिए जाने के बाद बच्चों की मौत के लिए जिम्मेदार बताए जाने के बाद डब्ल्यूएचओ ने यह चेतावनी जारी की है और बच्चों को ना पिलाने की सलाह दी है। AMBRONOL सिरप और DOK-1 Max सिरप का उत्पादन मैरियन बायोटेक प्रा.लिमिटेड की ओर से किया जाता है।

बुधवार को अपने वेबसाइट पर जारी किए गए अलर्ट में डब्ल्यूएचओ ने कहा कि इस दवा कंपनी के उत्पाद मानक पर नहीं खड़े उतरे हैं। डब्ल्यूएचओ के अनुसार, उज्बेकिस्तान के स्वास्थ्य मंत्रालय के नेशनल क्वालिटी कंट्रोल लैब में कफ सिरप के नमूनों की जांच से पाया गया कि दोनों उत्पादों में डायथिलीन ग्लाइकॉल और एथिलीन ग्लाइकॉल की मात्रा अस्वीकार्य स्तर तक है।

पिछले साल दिसंबर में उज्बेकिस्तान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने दावा किया था कि मैरियन बायोटेक प्रा.लिमिटेड की ओर से निर्मित कफ सिरप पीने के बाद 18 बच्चों की मौत हो गई। संयुक्त राष्ट्र की स्वास्थ्य एजेंसी ने कहा कि ‘इस अलर्ट में  बताए गए घटिया उत्पाद असुरक्षित हैं और विशेष रूप से बच्चों में उनके उपयोग से गंभीर परिणाम या मृत्यु हो सकती है।’

दवा कंपनी का लाइसेंस निलंबित
उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर में सेक्टर 67 में स्थित दवा कंपनी का लाइसेंस उत्तर प्रदेश खाद्य सुरक्षा और औषधि प्रशासन (एफएसडीए) ने निलंबित कर दिया है। उत्तर प्रदेश औषधि नियंत्रक एके जैन ने बताया कि उज्बेकिस्तान में कथित तौर पर उक्त कंपनी का कफ सीरप पीने से बच्चों की मौत होने का मामला सामने आने के बाद इसकी बिक्री पर रोक लगा दी गई थी। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय, केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन (सीडीएससीओ), मेरठ के खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने संयुक्त कार्रवाई में कंपनी से दवाओं के 32 नमूने लिए हैं। अभी तक इनकी रिपोर्ट नहीं आई है। उन्होंने बताया कि अगले आदेश तक कंपनी का लाइसेंस निलंबित किया गया है।

Related Articles

Back to top button