छत्तीसगढ़ के पहले सीएम अजीत जोगी के बचपन का किरदार निभाएंगे बसपन का प्यार फेम सहदेव

बसपन का प्यार गीत गाकर देश-दुनिया में नाम कमाने वाले सहदेव दिरदो जल्द ही फिल्म में नजर आएंगे। सहदेव छत्तीसगढ़ के प्रथम मुख्यमंत्री अजीत जोगी के बचपन का किरदार निभाएंगे। अजीत जोगी पर पहली बायोपिक फिल्म बनने जा रही है, जिसके लिए सहदेव को फाइनल किया गया है। यह फिल्म अजीत जोगी की पत्नी रेणु जोगी व पुत्र अमित जोगी के मार्गदर्शन में राजश्री सिनेमा के बैनर तले बन रही है। फिल्म के निर्माता मनोज खरे, अरविंद कुर्रे हैं। इस फिल्म के लिए बॉलीवुड सिंगर उदित नारायण के साथ गाना भी रिकॉर्ड किया है। 25 जनवरी को इस फिल्म की शूटिंग शुरू की जाएगी। छत्तीसगढ़ में किसी राजनेता पर पहली फिल्म बन रही है।
बता दें कि सुकमा जिले के उरमापाल गांव निवासी सहदेव दिरदो बचपन का प्यार गाने से सुर्खियों में आए और काफी हिट भी हुए। सिंगर बादशाह के साथ सहदेव ने एलबम में भी काम किया। अब पहली बार फिल्म में काम करने जा रहे हैं। सहदेव छत्तीसगढ़ के पहले सीएम अजीत जोगी पर बन रही बायोपिक फिल्म “द अजीत जोगी” में बचपन का रोल निभाएंगे। फिल्म निर्माण की सारी प्रक्रिया पूरी हो चुकी हैं। सहदेव अभी हाल ही में सड़क हादसे में घायल हो गए थे और रायपुर में उसका उपचार चल रहा था। इस दौरान राजश्री प्रोडेक्शन हाउस की टीम ने सहदेव व उनके पिता के साथ मुलाकात की थी।

फिल्म को लेकर सहदेव काफी उत्साहित
इस फिल्म में दिखाया जाएगा कि एक गरीब आदिवासी परिवेश का बच्चा कैसे संघर्ष कर प्रोफेसर, आईपीएस और आईएएस तक का सफर तय किया और फिर नवगठित राज्य का पहला सीएम बना। बताया जाता है कि फिल्म में सहदेव का रोल करीब 15 से 20 मिनट का रहेगा। अजीत जोगी के स्कूल और अन्य घटनाओं का फिल्म में जिक्र होगा। इस रोल के लिए प्रोडेक्शन हाउस को एक ऐसे ही बच्चे की तलाश थी, जिसे सहदेव ने पूरी की है। सहदेव ग्रामीण परिवेश से ताल्लुक रखता है। प्रोडेक्शन हाउस की टीम ने सहदेव का एक छोटा सा इंटरव्यू भी लिया है। सहदेव भी इस फिल्म को लेकर काफी उत्साहित है।

प्रभावशाली नेताओं में शुमार थे अजीत जोगी
अजीत प्रमोद कुमार जोगी एक जननेता थे। छत्तीसगढ़ के प्रथम मुख्यमंत्री बनने का गौरव भी अजीत के नाम है। बिलासपुर के पेंड्रा में जन्में अजीत जोगी ने इंजीनियरिंग की पढ़ाई करने के बाद पहले भारतीय पुलिस सेवा (IPS) और फिर भारतीय प्रशासनिक (IAS) की नौकरी की। बाद में वे पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी के कहने पर राजनीति में आए। छत्तीसगढ़ में 2000 से 2003 तक जोगी मुख्यमंत्री रहे। अजीत जोगी छत्तीसगढ़ के काफी प्रभावशाली नेता थे। छत्तीसगढ़ के लोग उनके भाषण और अंदाज के कायल थे। बाद में उन्होंने कांग्रेस से अलग होकर अपनी पार्टी जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ बना ली थी।

Related Articles

Back to top button