मिलने बुलाया, वापस लौटने से इनकार पर लगा दिया HIV+ खून वाला इंजेक्शन

गुजरात के सूरत जिले में एक व्यक्ति ने अपनी पूर्व पत्नी को क्रिसमस पर मिलने बुलाकर कथित रूप से उस पर HIV+ संक्रमित खून वाले इंजेक्शन से हमला कर दिया। महिला की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

रांदेर पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि रविवार को जब महिला अपने परिवार के साथ घूमने निकली थी, उसी समय व्यक्ति ने उस पर इंजेक्शन से हमला कर दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी ने दो महीने पहले अपनी पत्नी को तलाक दे दिया था और क्रिसमस के दिन उसे अपने दो बच्चों के साथ बाहर घूमने के लिए बुलाया था। आरोपी ने महिला पर कथित रूप से जहरीली सिरिंज से हमला किया और मौके से फरार हो गया।

बताया जा रहा है कि आरोपी अपनी पूर्व पत्नी से वापस लौटने की गुजारिश कर रहा था, जिसे उसने ठुकरा दिया था। इससे आहत होकर उसने महिला को एचआईवी पॉजिटिव संक्रमित खून वाला इंजेक्शन लगा दिया।

पुलिस अधिकारी ने कहा कि महिला कमजोरी और बेचैनी महसूस कर रही थी और उसने नजदीकी पुलिस थाने में संपर्क किया। उसे एक निजी अस्पताल में ले जाया गया। महिला के ठीक होने के बाद पुलिस ने उसका बयान दर्ज किया।

सूरत के सहायक पुलिस आयुक्त बी.एम. चौधरी ने बताया कि भारतीय दंड संहिता की धारा 328 (जहर के माध्यम से चोट पहुंचाना), 270 (जीवन के लिए खतरनाक संक्रमण फैलाने की संभावना) और 324 (जानबूझकर खतरनाक हथियारों या साधनों से चोट पहुंचाना) के तहत अपराध दर्ज किया गया है।

सिविल अस्पताल से ली थी जहरीली सिरिंज

चौधरी ने संवाददाताओं से कहा कि दंपति की 15 साल पहले शादी हुई थी और कुछ घरेलू विवाद के चलते उनका तलाक हो गया था। आरोपी ने उसे अपने दो बेटों के साथ मिलने बुलाया था और शाम को उसने इंजेक्शन से हमला कर दिया। आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने सिविल अस्पताल से जहरीली सिरिंज हासिल की थी। अधिकारी ने कहा कि सिरिंज में क्या था, इसकी जांच की जा रही है। फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला से रिपोर्ट आने के बाद इस बारे में जानकारी मिल पाएगी।

Related Articles

Back to top button