बीजेपी प्रत्याशी बृजमोहन अग्रवाल पर हमला! प्रचार के दौरान लोगों ने की झूमाझटकी, समर्थकों ने थाना घेरा

रायपुर। छत्तीसगढ़ में दूसरे चरण की मतदान 17 नवंबर को होना है। इसके लिए सभी प्रत्याशियों का अपने अपने क्षेत्रों में तेजी से धुंआधार प्रचार प्रसार जारी है। इसी बीच दक्षिण के बीजेपी प्रत्याशी बृजमोहन अग्रवाल पर हमला और उनके साथ झूमाझटकी की खबर सामने आ रही है। जानकारी के अनुसार, बृजमोहन अग्रवाल समर्थकों के साथ कोतवाली थाना पहुंचे हुए हैं और वहां भाजपा कार्यकर्ता कोतवाली थाने में नारेबाजी कर प्रदर्शन कर रहे हैं। हालांकि इस बात की जानकारी सामने नहीं आई है कि किस वजह से झूमाझटकी हुई है।बता दें कि रायपुर दक्षिण में कुछ देर बाद सीएम भूपेश बघेल की सभा होने वाली है।
छत्तीसगढ़ भाजपा के वरिष्ठ नेता और रायपुर दक्षिण से विधायक बृजमोहन अग्रवाल के ऊपर गुरुवार देर शाम हमला कर दिया गया। इस दौरान उनका कॉलर पकड़कर घसीटा और मारपीट की। बृजमोहन अग्रवाल प्रचार के लिए बैजनाथ पारा पहुंचे थे। अग्रवाल ने आरोप लगाया है कि एजाज ढेबर और अनवर ढेबर के लोग उनकी हत्या करवाना चाहते थे। इसकी जानकारी मिलने पर बड़ी संख्या में उनके समर्थक कोतवाली थाने पहुंचे हैं और घेराव कर दिया है। वे कांग्रेस सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं। कोतवाली में इस समय करीब डेढ़ से दो हजार लोग जमा हैं। विधायक अग्रवाल ने कहा कि जब तक हमलावरों की गिरफ्तारी नहीं होगी, यहीं कोतवाली में बैठकर प्रदर्शन करते रहेंगे।
समर्थकों आरोप है कि बृजमोहन अग्रवाल प्रचार के लिए बैजनाथ पारा पहुंचे थे। यहां के मौलाना अब्दुल रऊफ वार्ड में प्रचार के दौरान मदरसे के पास कुछ लोग बृजमोहन के पास आए। उन्होंने कहा कि इस वार्ड में घुसने की हिम्मत कैसे हुई और उन्हें धक्का दे दिया। इस बीच जब तक उनके समर्थक आते, तब तक वे बृजमोहन अग्रवाल से मारपीट कर भाग चुके थे। इसी वार्ड से एजाज ढेबर पार्षद हैं।



