मरीजों से पैसे लेने वाले डॉक्टर और वार्ड बॉय सस्पेंड

बिलासपुर के सरकारी अस्पताल में मरीजों से पैसे लेने के मामले में अब बड़ी कार्रवाई हुई है। इस मामले में CMHO डॉ. अनिल श्रीवास्तव ने पैसे लेने वाले डॉक्टर और वार्ड बॉय को सस्पेंड कर दिया है। दोनों यहां लंबे समय से इलाज के नाम पर मरीजों से वसूली कर रहे थे। जिसका वीडियो भी सामने आया था। भास्कर डिजिटल ने इस खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। जिसके बाद ही यह कार्रवाई हुई है। पूरा मामला मस्तूरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का है।
इस संबंध में CMHO डॉ. अनिल श्रीवास्तव ने कहा है कि भास्कर में खबर प्रकाशित होने के बाद मामला हमारे संज्ञान में आया। फिर हमने 3 सदस्यीय टीम का गठन किया कर जांच के निर्देश दिए थे। जांच में यह पाया गया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में काम करने वाले डॉ.अनिल सिंह और वार्ड बॉय श्याम रतन पांडे इलाज के नाम पर मरीजों से पैसे लेते थे। इसके बाद डॉक्टर अनिल सिंह को सस्पेंड कर बिलासपुर अटैच कर दिया गया है। जबकि श्याम रतन पांडेय को निलंबित रतनपुर भेज दिया गया है।
सीएमएचओ ने बताया कि हमने और कड़ी कार्रवाई के लिए सरकार को पत्र भी लिखा है। सरकार का सख्त आदेश है कि इस तरह से सरकारी अस्पताल में कोई भी पैसे नहीं ले सकता। मगर फिर भी यहां ऐसा हुआ है, जो गलत है। हम इसके लिए एक निगरानी टीम का गठन भी कर रहे हैं।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गरीब मरीजों के उपचार के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में खोले गए हैं। मकसद है कि गरीब मरीजों को मुफ्त में उपचार मिल सके। मगर यहां ऐसा नहीं हो रहा है। इस बात की जानकारी तब सामने आई, जब पैसे लेने और उससे संबंधित बातचीत करने का वीडियो सामने आया।
2 दिन पहले अस्पताल के अंदर का जो वीडियो सामने आया था। उसमें एनआरएचएम पद पर पदस्थ रानी दीक्षित एक मरीज से रुपए लेकर डॉक्टर के दराज में रखते हुए दिख रही हैं। वो डॉक्टर से कह रही हैं सर एक हजार है-एक हजार देख लीजिए। इसके अलावा अस्पताल में पदस्थ ड्रेसर श्याम रतन( वार्ड बॉय) भी पैसे लेकर जेब में रखता हुआ दिख रहा है।



