जन्मदिन पर प्रधानमंत्री मोदी करेंगे चीता परियोजना का शुभारंभ

भोपाल । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अपने जन्म दिवस (17 सितंबर) को श्योपुर में चीता परियोजना का शुभारंभ करेंगे। कैबिनेट बैठक से पहले मंत्रियों से औपचारिक चर्चा में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने यह जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि अपने जन्मदिवस पर प्रधानमंत्री मध्य प्रदेश में रहेंगे और प्रदेश को चीता परियोजना की सौगात देंगे।
गौरतलब है कि कूनो पालपुर पार्क में करीब 20 दिन से चल रही तैयारियों को देखते हुए अनुमान लगाया जा रहा था कि प्रधानमंत्री परियोजना का शुभारंभ कर सकते हैं। मुख्यमंत्री शिवराज ने अब इस पर से पर्दा उठा दिया है। पार्क से 15 किमी दूर कराहल में महिला स्व-सहायता समूह के कार्यकर्ताओं का सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है, जिसे प्रधानमंत्री मोदी संबोधित करेंगे। उम्मीद की जा रही है कि इसी दिन नामीबिया से आठ चीता श्योपुर पहुंच जाएंगे। जिन्हें प्रधानमंत्री पार्क में स्थित विशेष बाड़े में छोड़ेंगे। प्रधानमंत्री के आगमन के सिलसिले में पार्क में पांच और कराहल में चार हेलिपैड बनाए जा रहे हैं।



