उद्धव ठाकरे और शिंदे गुट की तरफ से सुप्रीम कोर्ट में दायर याचिकाओं पर सुनवाईआज

मुंबई. महाराष्ट्र के सियासी संकट के लिए आज का दिन बहुत अहम है। सुप्रीम कोर्ट में आज शिंदे और उद्धव ठाकरे खेमे की तरफ से दायर याचिकाओं पर सुनवाई होगी। चीफ जस्टिस एनवी रमना, जस्टिस कृष्ण मुरारी और हिमा कोहली की बेंच में यह सुनवाई होगी। सुप्रीम कोर्ट में कुल चार याचिकाओं पर सुनवाई होनी है। जिसमें सबसे अहम विधायकों की अयोग्यता का मामला है।
सुप्रीम कोर्ट में आज शिंदे गुट के 16 बागी विधायकों की सदस्यता रद्द केस में दाखिल याचिका पर सुनवाई होगी। इस मामले में महाराष्ट्र के डिप्टी स्पीकर, शिवसेना और केंद्र को नोटिस भेजा गया था। अन्य याचिका में सुप्रीम कोर्ट में केस होने के बावजूद राज्यपाल ने फ्लोर टेस्ट कराने का निर्देश दिया उसे लेकर सुनवाई होंगी।
वहीं एकनाथ शिंदे को सीएम बनाने का आमंत्रण देने वाले गवर्नर के फैसले के खिलाफ भी उद्धव गुट ने याचिका दायर की है। जबकि सदन में शुव्सेना के नए खेमे को मान्यता देने के खिलाफ भी उद्धव ठाकरे गुट की तरफ से कोर्ट में याचिका दाखिल हुई है। इन फैसलों के कारण ही मंत्रिमंडल का विस्तार अटका हुआ है।
एकनाथ शिंदे ने सीएम पद की शपथ ली है। जबकि देवेंद्र फडणवीस ने डिप्टी सीएम की शपथ ली है। ऐसे में माना जा रहा है कि विधायकों की सदस्यता पर निर्णय आने के बाद ही मंत्रिमंडल का विस्तार किया जा सकता है। अगर आज सुनवाई में विधायकों की सदस्यता पर फैसला आता है तो जल्द ही कैबिनेट विस्तार की खबर सामने आ सकती है।
गौर हो कि शिवसेना से बगावत के बाद एकनाथ शिंदे ने 30 जून बीजेपी के समर्थन से सरकार बनाई और सीएम बने हैं। तीन जुलाई को स्पीकर का चुनाव हुआ है। जिसमें भाजपा के राहुल नार्वेकर ने जीत हासिल की है। उद्धव खेमे के 14 विधायकों को स्पीकर ने सदस्यता रद्द का नोटिस भेजा है। इससे पहले 11 जुलाई सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई हुई है। तब कोर्ट ने स्पीकर को कोई फैसला न करने के लिए कहा था।



