मुंबई में उद्धव कैबिनेट की बैठक,फाइनल शो-डाउन की तैयारी में

महाराष्ट्र का राजनीतिक संकट धीरे-धीरे जोर पकड़ता जा रहा है। एक तरफ मुंबई में ठाकरे सरकार को बचाने की कोशिश हो रही है, तो दूसरी तरह दिल्ली में सरकार गिराने की रणनीति पर चर्चा हो रही है। मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने मुंबई में कैबिनेट की बैठक बुलाई है। वहीं विपक्ष के नेता देवेन्द्र फड़नवीस दिल्ली में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और अन्य नेताओं से सलाह-मश्विरा कर रहे हैं। फिलहाल उद्धव ठाकरे की स्थिति कमजोर लग रही है और इस बात की चर्चा है कि वो इस्तीफे की पेशकश कर सकते हैं। वैसे कैबिनेट की बैठक के पहले उन्होंने एनसीपी चीफ शरद पवार से भी बात की।

बीजेपी ने शुरु की तैयारी

बीजेपी ने तय कर लिया है कि अब महाराष्ट्र के सियासी संकट में चुपचाप तमाशा देखने का वक्त खत्म हो चुका है। आगे की रणनीति पर चर्चा के लिए पूर्व सीएम और नेता विपक्ष देवेंद्र फडणवीस दिल्ली पहुंचे और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के आवास पर उनसे मुलाकात की। माना जा रहा है कि महाराष्ट्र में सरकार बनाने की संभावनाओं और विभागों के बंटवारे के फॉर्मूले पर विचार-विमर्श होगा। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक शिंदे गुट को एक डिप्टी सीएम और 5 कैबिनेट मंत्री का ऑफर दिया गया है।

बागी नेताओं से भावुक अपील

प्रदेश में उठे सियासी तूफान के बीच मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने एक बार फिर बागी विधायकों से भावुक अपील की है। उन्होंने कहा कि अभी भी देर नहीं हुई है, इसलिए वे वापस आ जाएं और मिल-बैठकर बात करें। उधर करीब 40 बागी विधायक 22 जून से गुवाहाटी के होटल में हैं और खुद को असली शिवसेना बता रहे हैं। तमाम धमकियों और अपील के बावजूद इनकी संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। मीडिया सूत्रों के मुताबिक उद्धव ठाकरे के साथ अब मुश्किल से 15 विधायक रह गये हैं। वहीं, एक-दो दिनों में बागी विधायक मुंबई आने वाले हैं, जिसके बाद सरकार के गिरने का खतरा और गंभीर हो जाएगा।

Related Articles

Back to top button