छत्तीसगढ़

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे का BJP पर हमला, बोले- मोदी ने सबका विकास नहीं सबका सत्यानाश किया

जांजगीर चांपा मुनादी।। छत्तीसगढ़ में तीसरे चरण के लिए चुनाव प्रचार तेजी से चल रही है। इसी क्रम में मंगलवार को कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे जांजगीर चांपा पहुंचे। इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार व भाजपा पर जमकर निशाना साधा। जन आशीर्वाद सभा में मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि मैं दूसरी बार जनता का दर्शन करने जांजगीर आया हूं। इस बार कुछ मांगने के लिए आया हूं। आशा है कि आप हमें निराश नहीं करेंगे। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट, प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज और नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत भी मौजूद थे।

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि मोदी झूठों के सरदार हैं। कभी गरीबों की बात नहीं करते। गरीबों की आमदनी नहीं बढ़ती। दो लोगों की आमदनी बढ़ती है। मोदी, कांग्रेस, सोनिया, राहुल, प्रियंका को गाली दे रहे हैं। मुझे भी गाली देते रहते हैं। मोदी हिंदू मुस्लिम करते रहते हैं। मोदी ने मंगलसूत्र को लेकर भी झूठ बोला। मोदी 5 साल और पीएम रहे तो देश को बर्बाद कर देंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने 55 साल राज किया लेकिन कभी किसी का मंगलसूत्र नहीं छीना। किसी को ईडी आईटी का डर दिखाकर जेल में नहीं डाला। पहले और दूसरे चरण में कांग्रेस को भारी बहुमत मिलेगा। दो इलेक्शन के बाद बीजेपी के पैर के नीचे से जमीन खिसक गया है।

 

खरगे ने कहा कि मोदी बोलते हैं कि सबका साथ सबका विकास, लेकिन मोदी ने सबका विकास नहीं सबका सत्यानाश किया है। खरगे ने कहा कि आज हर जगह टैक्स-टैक्स, हर चीज में टैक्स लिया जा रहा है। आज तक किसी भी पीएम ने ऐसा नहीं किया। गरीबों को कुचलने वाला मोदी ही केवल एक ऐसा बहादुर निकला। मोदी है तो मुमकिन है। ईडी, सीबीआई में डाल देते हैं, ये मुमकिन है।

सभा को संबोधित करते हुए खरगे ने कहा कि यह चुनाव देश को एकता के साथ रखने का चुनाव है। ये चुनाव देश के संविधान और लोकतंत्र को बचाने का चुनाव है। मोदी जी और उनके चेले बार बार कहते हैं 400 पार दे दो, लेकिन किसके लिए, गरीबों, दलितों के हक को खत्म करने के लिए। मोदी बोलते हैं कि आपकी संपत्ति ज्यादा बच्चे वालों को दे देंगे। हमेशा गरीबों के बच्चे ज्यादा होते हैं। मेरे भी 5 बच्चे हैं, मैं अपने घर में जरूर अकेला हूं। मुसलमान अपनी जगह पर हैं, इस देश के ही हैं। देश बनाना है सबको साथ लेकर बनाना है, इनके जैसे देश तोड़ना नहीं है।

 

देश का युवा नौकरी के लिए दर-दर भटक रहा है: खरगे

 

खरगे ने कहा कि देश के पीएम मोदी बार-बार कहते हैं कि कौन कहता है संविधान बदल रहे हैं। आपके लोग ही बोल रहे हैं, उनकी बात नहीं सुन रहे तो कम से कम गरीबों की बात सुनो। नौकरी के लिए आज युवा दर-दर भटक रहे हैं। काला धन नहीं आया, 15 -15 लाख नहीं मिला, मोदी झूठ बोलते हैं। नौकरी देने की बात की नहीं की। उन्होंने कहा कि देश को तोड़ने वाले लोग हर बुरी बात बोलकर देश को तोड़ते हैं। अब एक होकर पंजे को वोट देना है। पंजा हाथ को मजबूत करता है। कमल का फूल सुबह तोड़ो तो शाम को सूख जाता है। अब ये जनता तय करे सूखने वाला कमल फूल या फिर हाथ को मजबूत करने वाला पंजा।

Related Articles

Back to top button