आर-पार की लड़ाई को तैयार उद्धव ठाकरे

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने साफ कहा है कि वो बागियों के सामने हथियार नहीं डालेंगे और आर-पार की लड़ाई को भी तैयार हैं। सरकार बचाने की कोशिशों को लेकर आज शाम उनकी शदर पवार के साथ बैठक होनेवाली है। उधर, तमाम धमकियों और भावनात्मक अपील के बावजूद बागी विधायकों की संख्या बढ़ती जा रही है। आज महाराष्ट्र शिवसेना के एक और विधायक दिलीप लांडे, गुवाहाटी होटल पहुंचे और बागी विधायकों के साथ शामिल हो गये। इनके अलावा राजेश क्षीरसागर के भी गुवाहाटी पहुंचने की खबर है। इन बागी विधायकों के नेता एकनाथ शिंदे का दावा है कि अब उन्हें शिवसेना के 38 विधायकों का समर्थन प्राप्त है। आपको बता दें कि दल-बदल कानून से बचने से के लिए उन्हें 37 विधायकों की जरुरत है। ऐसे में एक और विधायक के जुड़ने से उनकी स्थिति और मजबूत हो गई है।
वैसे, ताजा घटनाक्रम में महाराष्ट्र विधानसभा के उपाध्यक्ष ने विधायक अजय चौधरी को राज्य विधानसभा में शिवसेना विधायक दल के नेता के रूप में नियुक्त करने के शिवसेना के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी। इस संबंध में डिप्टी स्पीकर कार्यालय की ओर से शिवसेना कार्यालय को पत्र भेजा गया है।



