भाजपा की सूची जारी होते ही बढ़ी हलचल

जिन दावेदारों को टिकट नहीं मिली, वह बगावत करने की बात कर रहे
नागदा, नगरपालिका चुनाव को लेकर भाजपा द्वारा 32 वार्डों के प्रत्याशियों की सूची जारी की गई। इसमें दूसरी पंक्ति के कई नेताओं को बाहर कर 26 नए चेहरे मैदान में उतारे हैं। सूची जारी होने के बाद भाजपा में घमासान मच गया। जिन दावेदारों को टिकट नहीं मिली, वह बगावत करने की बात कर रहे हैं। दो महिला नेत्रियों ने पार्टी से त्यागपत्र देने की इंटरनेट मीडिया पर घोषणा कर दी। पोरवाल समाज के व्यक्ति को टिकट नहीं देने को लेकर समाजजन ने बैठक कर शहर में वाहन रैली निकालकर पूर्व विधायक के निवास पर पहुंचकर नारेबाजी की।
नपा चुनाव को लेकर भाजपा ने कांग्रेस को पीछे छोड़ते हुए बुधवार को रात 10.15 बजे वार्ड क्रमांक 5, 8, 9 व 12 की सूची रोकते हुए 32 वार्डों के प्रत्याशियों की सूची जारी की। इसमें पूर्व नपाध्यक्ष अशोक मालवीय, राजेंद्र अवाना, पूर्व नपा उपाध्यक्ष सज्जनसिंह शेखावत, रामसिंह शेखावत, पूर्व मंडल अध्यक्ष व पार्षद नरेंद्र कोठारी, जितेंद्र दुबे सहित और भी दूसरी पंक्ति के नेताओं को टिकट नहीं देते हुए 32 में से 26 नए चेहरे मैदान में उतारे। वार्ड क्रमांक 9 व 12 में घमासान मचा हुआ है। दोनों वार्डों के लिए इंदौर के राष्ट्रीय स्तर के नेता व प्रदेश के वरिष्ठ नेता की जोर आजमाइश के कारण घोषणा नहीं हो पाई। 8 नंबर वार्ड अनुसूचित जाति-जनजाति के लिए आरक्षित है। यहां कोई ठोस प्रत्याशी नहीं होने के कारण व 5 नंबर में भी नेताओं की आपसी खींचतान के कारण घोषणा नहीं हो पाई। देर रात या सुबह घोषणा हो सकती है। सूची जारी होने के बाद दूसरी पंक्ति के नेताओं सहित उन दावेदारों में भी आक्रोश व्याप्त हो रहा है, जिन्हें टिकट नहीं दी गई। वार्ड क्रमांक 13 से महिला मोर्चा की पदाधिकारी लता डोडिया को टिकट नहीं मिला। ऐसे ही महिला मोर्चा की प्रेमकुंवर ने भी इंटरनेट मीडिया के माध्यम से पार्टी से इस्तीफा देने की घोषणा कर दी। पोरवाल समाज से एक भी टिकट नहीं देने को लेकर समाज के अध्यक्ष नंदकिशोर पोरवाल, विजय पोरवाल, जगदीश मेहता के नेतृत्व में गुरुवार की सुबह बद्रीविशाल मंदिर में समाजजन की बैठक आहुत कर दोपहर में शहर के मुख्य मार्ग से वाहन रैली निकालकर पूर्व विधायक दिलीपसिंह शेखावत के निवास स्थान पर पहुंचकर नारे लगाए। विधायक शेखावत से वरिष्ठजनों ने चर्चा कर वार्ड 9 व 12 होल्ड पर रखे गए हैं, इसमें से पोरवाल समाज के व्यक्ति को टिकट दिए जाने की बात रखी। पूर्व विधायक ने समाजजन को आश्वासन दिया। ज्ञानेश्वर पोरवाल, कमल पोरवाल, प्रदीप मेहता, पूरण पोरवाल, योगेश पोरवाल, आशीष पोरवाल, राजेश मोदी आदि समाजजन उपस्थित थे।
निर्दलीय चुनाव लड़ने की घोषणाः गुरुवार को सुबह से ही दूसरी पंक्ति के कुछ नेता व कुछ कार्यकर्ता बंद कमरे में बैठक कर योजना बनाते रहे। राजेंद्र अवाना ने अपील समिति में जाने की बात कही। कुछ असंतुष्ट कार्यकर्ताओं ने निर्दलीय चुनाव लड़ने की घोषणा कर दी। वार्ड क्रमांक 23 से भाजपा कार्यकर्ता मनोज ने निर्दलीय फार्म जमा कर दिया। असंतुष्ट दावेदार खुलकर कह रहे हैं कि वरिष्ठ नेताओं की आपसी खींचतान के चलते अच्छे चेहरों को टिकट नहीं दिया गया।



