राहुल गांधी से ईडी की पूछताछ के बीच BJP नेता संबित पात्रा का आरोप

नई दिल्ली. नेशनल हेराल्ड केस में एक तरफ ईडी राहुल गांधी से लगातार दूसरे दिन पूछताछ कर रही है तो वहीं दूसरी तरफ इस मुद्दे पर एक बार फिर सियासत गर्मा गई है। भारतीय जनता पार्टी ने इस मामले में सोनिया गांधी और राहुल गांधी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। बीजेपी प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा है कि, दोनों मां-बेटे ने मिलकर यंग इंडिया बनाई और इसके जरिए हजारों करोड़ रुपए की संपत्ति हड़पी है। पात्रा ने कहा कि, आप देख रहे हैं, भारत देख रहा है भ्रष्टाचार को लेकर ड्रामा कर रहे है। भ्रष्टाचार भी करेंगे उसके बाद ड्रामा भी करेंगे।
ईडी लगातार दूसरे दिन राहुल गांधी से नेशनल हेराल्ड केस से जुड़े सवाल कर रही है। वहीं ईडी की कार्रवाई का विरोध कर रहे कई कांग्रेसी नेताओं को कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया है। लेकिन इन सबके बीच राजनीतिक पारा हाई हो गया है।
केन्द्रीय जांच एजेंसी की कार्रवाई को बीजेपी ने बिल्कुल जायज करार दिया है। बीजेपी प्रवक्ता संबित पात्रा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि इस देश में न कोई राजा है और न कोई राजकुमार। एजीएल कांग्रेस की संपत्ति नहीं थी, यंग इंडिया कंपनी बनाकर मां-बेटे ने संपत्ति हड़प ली।



