IND vs SA: के बीच तीसरा टी20 विशाखापट्टनम में 14 जून को

नई दिल्ली. साउथ अफ्रीका ने भारत के खिलाफ जारी 5 मैचों की टी20 सीरीज में शुरुआती दो मुकाबले जीतकर 2-0 की बढ़त बना ली है। दिल्ली में मेहमान टीम ने भारत को 7 विकेट से रौंदा तो कटक में 4 विकेट से धूल चटाई। इसी के साथ टीम इंडिया का घरेलू सरजमीं पर साउथ अफ्रीका के खिलाफ टी20 फॉर्मेंट में रिकॉर्ड और खराब होता जा रहा है। भारत ने अपने घर इस टीम के खिलाफ अभी तक कुल 6 मुकाबले खेले हैं जिसमें 5 बार साउथ अफ्रीका ने भारत को पटखनी दी है। इतना ही नहीं साल 2022 में तीनो फॉर्मेट मिलाकर साउथ अफ्रीका ने भारत को एक भी मैच नहीं जीतने दिया है।
जी हां, 2021 के अंत में भारतीय टीम साउथ अफ्रीका दौरे पर गई थी। इस दौरान टीम टेस्ट सीरीज 1-2 से तो वनडे सीरीज 0-3 से हारकर लौटी। अब टी20 सीरीज में भी इस टीम ने भारत पर अपना दबदबा बनाया हुआ है।
एक साल में तीन भारतीय कप्तानों को इस टीम ने किया फेल
3 जनवरी को साउथ अफ्रीका दौरे पर भारतीय टीम केएल राहुल की कप्तानी में दूसरा टेस्ट हारी हारी थी। चोटिल होने की वजह से कोहली ने यह मैच मिस किया था। 11 जनवरी को खेले गए तीसरे टेस्ट में भी टीम को हार मिली और इस बार कप्तान विराट कोहली ही थे। इसके बाद इस दौरे पर टीम इंडिया ने केएल राहुल की कप्तानी में तीन मैच की वनडे सीरीज खेली जिसमें मेजबान टीम ने भारत का सूपड़ा साफ किया। अब ऋषभ पंत की कप्तानी में साउथ अफ्रीका ने पहले दो टी20 में टीम इंडिया को हराया है। इस साल लगातार 7 मैच जीतकर अफ्रीकी टीम ने भारतीय टीम के तीन कप्तानों को फेल कर अपना दबदबा बनाया है।
भारत और साउथ अफ्रीका के बीच तीसरा टी20 विशाखापट्टनम में 14 जून को खेला जाना है, इस मैच के जरिए टीम इंडिया की नजरें मेहमान टीम की विनिंग स्ट्रीक को तोड़कर सीरीज में वापसी करने पर होगी।



