महंगाई के विरोध में प्रधानमंत्री मोदी की होर्डिग पर पोती कालिख, चार कांग्रेसी गिरफ्तार

सस्ते पेट्रोल, डीजल, गैस की मांग को लेकर सोमवार को धरना-प्रदर्शन कर रहे कांग्रेसियों ने शहर के बेतियाहाता स्थित पेट्रोल पंप पर प्रधानमंत्री के होर्डिंग पर कालिख फेंक दिया। इसके बाद पुलिस ने 14 कांग्रेसियों के खिलाफ केस दर्ज करते हुए महानगर अध्यक्ष समेत चार को गिरफ्तार कर लिया। इसके पहले कोतावाली में बिठाये गए कांग्रेसियों के समर्थन में कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की।
महानगर कांग्रेस कमेटी के तत्वाधान में अध्यक्ष आशुतोष तिवारी के नेतृत्व में बेतियाहाता स्थित बजाज पार्क सामने भारत पेट्रोल पम्प के बाहर रोड पर सस्ते पेट्रोल, डीजल, गैस की मांग को लेकर धरना प्रदर्शन किया गया। यूथ कांग्रेस के जिलाध्यक्ष इं.अभिजीत पाठक, प्रदेश सचिव कांग्रेस अनुसूचित विभाग इं. अमित कन्नौजिया एवं यूथ कांग्रेस के प्रदेश महासचिव सुमित पाण्डेय के संयुक्त नेतृत्व में बेतियाहाता स्थित बजाज पार्क के सामने भारत पेट्रोल पंप पर लगे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पोस्टर पर कालिख लगाकर विरोध किया
इसके बाद पुलिस ने आनन-फानन में आधा दर्जन हिरासत में लेकर कोतवाली थाने में बैठा दिया। पदाधिकारियों को हिरासत में लिये जाने की खबर सुनकर कार्यकर्ता कोतवाली थाने पर एकत्र होकर धरना दिये। इसके बाद पुलिस ने 14 कांग्रेसियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए महानगर अध्यक्ष आशुतोष तिवारी, अभिजीत पाठक, अमित कन्नौजिया और सुमित पांडेय को गिरफ्तार कर लिया।
इनके खिलाफ दर्ज हुआ केस
आशुतोष तिवारी, उप्र अनुसूचित मोर्चा के प्रदेश सचिव अमित, अभिजीत पाठक, सुमित पांडेय, रोहन पांडेय, श्याम शरण, मोहम्मद अरशद, दिलीप निषाद, निर्मला वर्मा, कुसुम पांडेय, प्रभात चतुर्वेदी, जितेंद्र विश्वकर्मा, अश्वनी प्रताप सिंह, अनिल गुप्ता के खिलाफ सरकारी काम में बाधा डालने, बिना अनुमति के जुलूस निकालने, 7सीएलए की धारा में केस दर्ज किया गया है।



