पति ने विधायक प्रतिनिधि का विवाहिता से प्रेम संबंध होने पर छोड़ा, महिला ने दर्ज कराई नेताजी पर दुष्कर्म की FIR

छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में एक विधायक प्रतिनिधि पर दुष्कर्म का केस दर्ज हुआ है। नेताजी एक शादीशुदा महिला से प्रेम संबंध रख रहे थे। इसकी भनक उसके पति को लगी तो उसने उसे छोड़ दिया। इसके बाद महिला मायके पहुंची और थाने पहुंचकर विधायक प्रतिनिधि नेताजी के खिलाफ दुष्कर्म का केस दर्ज कराया है। नेताजी एक गांव के सरपंच का पति भी है। पुलिस ने धारा 376 व 506 के तहत अपराध दर्ज किया है।
जिले के डभरा थाना क्षेत्र के ग्राम रामभांठा निवासी ताराचंद साहू स्थानीय विधायक प्रतिनिधि होने के साथ ही सरपंच पति भी हैं। शादीशुदा होने के बाद भी ताराचंद साहू का अफेयर एक युवती से चल रहा था। 2014 से उक्त युवती से नेताजी का अफेयर था। 2022 में ही युवती की शादी रायगढ़ में हुई। शादी के बाद युवती किसी प्रकार का संबंध नेताजी से नहीं रखना चाहती थी, जबकि ताराचंद साहू महिला से संबंध बनाए रखना चाह रहा था।
युवती को धमकाया और संबंध बनाएं
डभरा पुलिस ने बताया कि महिला की शादी होने के बाद भी विधायक प्रतिनिध ताराचंद उससे संबंध बनाने दबाव बना रहा था। ताराचंद साहू ने युवती को धमकाते हुए उससे संबंध बनाए। मामला तब बिगड़ गया जब महिला के पति को इसकी जानकारी हो गई। महिला को उसके पति ने छोड़ दिया, जिसके बाद वह अपने मायके वापस लौटी और पुलिस थाने पहुंचकर विधायक प्रतिनिधि के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई।
केस दर्ज होने के बाद नेताजी हुआ फरार
डबरा पुलिस के अनुसार महिला ने शिकायत में बताया कि नेतागीरी का फायदा उठाकर ताराचंद साहू ने उससे कई बाद दुष्कर्म किया है। इस मामले में डबरा पुलिस ने ताराचंद को आरोपी बनाया है और उसके खिलाफ धमकी व दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया है। इधर केस दर्ज होने की भनक लगने के बाद आरोपी विधायक प्रतिनिधि ताराचंद फरार हो गया है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।



