आप ने की पंजाब के बाद छत्तीसगढ़ में झाड़ू चलाने की तैयारी, खास रणनीति बनाई बघेल सरकार और भाजपा को कड़ी चुनौती देने के लिए

पंजाब में जीत मिलने के बाद आम आदमी पार्टी (AAP) काफी उत्साहित है। साल 2023 में भी देश के कुछ राज्यों में विधानसभा चुनाव होने हैं। छत्तीसगढ़ भी इनमें से एक है। राज्य में अभी भूपेश बघेल के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी की सरकार है। ‘आप’ की नजर अब छत्तीसगढ़ पर भी है। पार्टी राज्य में झाड़ू चलाने के लिए बेकरार है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए आम आदमी पार्टी ने राज्य में अभी से ही सर्वे शुरू कर दिया है।

खुद अरविंद केजरीवाल के मंत्री यहां मोर्चा संभालेंगे। 21 मार्च को दिल्ली के मुख्यमंत्री और ‘आप’ के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के कैबिनेट मंत्री छत्तीसगढ़ में विजय यात्रा निकालने वाले हैं। आम आदमी पार्टी छत्तीसगढ़ यूथ विंग के प्रदेश अध्यक्ष तेजेंद्र तोड़ेकर ने मीडिया को बताया कि पंजाब में बड़ी जीत हुई है।

इसका जश्न मनाने के लिए छत्तीसगढ़ प्रभारी गोपाल राय होली के बाद 20 मार्च को रायपुर आएंगे। 21 मार्च को वो रायपुर साइंस कॉलेज ग्राउंड से रायपुर शहर में पंजाब विजय यात्रा निकालेंगे। इसके लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।

यहां आपको याद दिला दें कि छत्तीसगढ़ में साल 2018 में आम आदमी पार्टी ने चुनाव में अपने प्रत्याशी मैदान में उतारे थे। उस वक्त सीएम का चेहरा कोमल हूपेंडी को बनाया गया था। साल 2023 में होने वाले विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी ने बघेल सरकार को कड़ी टक्कर देने के लिए सदस्यता अभियान की शुरुआत कर दी है। पार्टी का दावा है कि सभी 28 जिलों से लोग आम आदमी पार्टी से जुड़ रहे हैं।

90 विधानसभा वाले इस राज्य में पार्टी ना सिर्फ बघेल सरकार बल्कि भाजपा को भी चुनौती देने की रणनीति बना रही है। आप के मैदान में आने से यहां मुकाबला त्रिकोणीय हो सकता है।

Related Articles

Back to top button