छत्तीसगढ़ के बिलासपुर की घटना: 6 बेटियों की मां ने 7वीं को मार डाला पटककर, अवैध संबंध से जन्मी थी संतान

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में एक महिला ने अपनी ही नवजात बेटी को पटककर मार डाला। महिला की छह और बेटियां हैं। पति के साथ छोड़ देने के बाद महिला के जीवन में एक और मर्द की एंट्री हुई। दोनों के बीच संबंध बनने के बाद महिला ने एक बेटी को जन्म दिया। इस बात को छिपाने उससे बच्ची को पटककर मार डाला और घर के पिछले हिस्से में छिपा दिया, लेकिन गली के कुत्तों ने आरोपी महिला को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।
दरअसल, यह मामला पुलिस तक तब पहुंचा जब देवरीडीह में रहने वाली गुड्डी विश्वकर्मा ने गुरुवार की सुबह गली के कुत्तों को कुछ नोचते हुए देखा। पास जाकर देखा तो नवजात का शव मिला। तोरवा थाना पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने बच्ची का शव 2 टुकड़ों में बरामद किया। उसका धड़ सिर से अलग हो गया था। पुलिस ने जांच शुरू की तब पता चला कि गांव की ही 46 वर्षीय राधिका यादव नाम की महिला गर्भवती थी। इस पर पुलिस ने राधिका को हिरासत में लिया और पूछताछ की तो उसने अपने संबंधों की कहानी बयां कर दी। उसने बताया कि 5 फरवरी को उसकी बच्ची पैदा हुई, जिसे उसने पहले 3 दिन तक अपने पास रखा और फिर 8 फरवरी की देर रात जमीन पर पटक कर मार डाला। पुलिस ने महिला को गिरफ्तार किया है।

महिला की चार बेटियां अभी नाबालिग
टीआई सुरेंद्र स्वर्णकार ने बताया कि आरोपी महिला राधिका की छह और बेटियां है। उसका पति तीन साल पहले उसे छोड़कर चला गया। महिला की 2 बेटियों की शादी हो चुकी है। चार बेटियां नाबालिग हैं। एक लड़की अपनी बड़ी बहन के साथ उसके ससुराल में रहती है। महिला ने अपना पाप छुपाने के लिए इस कृत्य को अंजाम दिया था। महिला ने अपनी प्रेमी से हुए बच्ची की हत्या की है। आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है।

मोहल्ले में कानाफूसी से खुल गया राज
बच्ची का शव गुरुवार को दो टुकड़ों में मिला था। पुलिस जांच में जुटी तब मोहल्लेवासियों की कानाफूसी से मामले का खुलासा हुआ। मोहल्ले के लोगों ने बताया कि राधिका का पति करीब 3 साल पहले उसे छोड़ कर चला गया। इसी दौरान उसकी मुलाकात किसी अन्य व्यक्ति से हुई। दोनों के बीच जिस्मानी संबंध बनने लगे और महिला गर्भवती हो गई। वह बच्चा नहीं चाहती थी। बच्ची के पैदा होने के बाद नवजात को बेरहमी से जमीन पर पटककर मार डाला।

Related Articles

Back to top button