जिंदगीभर का दर्द दे गया साल 2021 जाते-जाते कई परिवारों को, पांच लोगों की मौत दो सड़क हादसों में

छत्तीसगढ़ में साल 2021 जाते-जाते कई परिवारों को जिंदगीभर का दर्द दे गया। शुक्रवार-शनिवार की मध्य रात दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में पांच लोगों की मौत हो गई। पहली घटना जांजगीर-चांपा जिले की है, जहां खड़ी ट्रक से बाइक सवार टकरा गए, जिससे तीन युवकों की मौत गई। वहीं दूसरी घटना कवर्धा जिले की है। ट्रक ने बाइक सवार तीन लोगों को रौंद दिया, जिसमें दो की मौके पर मौत हो गई, वहीं एक गंभीर रूप से घायल है। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को विवेचना में लिया है।
जांजगीर पुलिस थाना से मिली जानकारी के अनुसार नेशनल हाईवे-49 के FCI गोदाम के पास खड़ी ट्रक से रात में बाइक सवार टकरा गए। हादसा जांजगीर थाना क्षेत्र में बनारी गांव के पास हुआ है। बाइक सवार तीनों युवक जांजगीर से बिलासपुर की ओर जा रहे थे। बाइक की स्पीड अधिक थी, जिसकी वजह से यह गंभीर हादसा हुआ है। आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। युवकों की शिनाख्त तरुण पटेल (17 वर्ष) ग्राम पलारी खुर्द, थाना-बराद्वार, परमेश्वर पटेल (16 वर्ष) परसापाली, दीपक पटेल (20 वर्ष) परसापाली, थाना-सारागांव के रूप में की गई है।
कवर्धा में ट्रक ने बाइक सवार को रौंदा, दो की मौत
छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में भी एक हृदय विदारक घटना हुई है। शुक्रवार की रात ट्रक ने बाइक सवार 3 लोगों को रौंद दिया है, जिसमें 2 लोगों की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। इस हादसे में एक की हालत गंभीर है। मृतकों की पहचान अभी नहीं हो पाई है। मिली जानकारी के मुताबिक शहर से गुजरे नेशनल हाईवे रायपुर-जबलपुर मार्ग के कवर्धा स्थित शराब भट्ठी के पास यह हादसा हुआ है। गंभीर रूप से घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



