छत्तीसगढ़ के निकाय चुनाव में हंगामा फर्जी वोटिंग पर, भाजपा प्रत्याशी भिलाई में पुलिस से भिड़े , रायपुर में भी बवाल

रायपुर।छत्तीसगढ़ के 10 जिलों के 15 नगरीय निकायों में मतदान हो रहे हैं। मतदान के दौरान फर्जी वोटिंग को लेकर हंगामा भी जारी है। रायपुर के बीरगांव में बवाल के बाद मतदान केंद्र के बाहर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। भिलाई व बीरगांव नगर निगम में सबसे ज्यादा बवाल की स्थिति है। दुर्ग जिले के भिलाई नगर निगम में फर्जी वोटिंग को लेकर कांग्रेस व भाजपा दोनों ही दल आमने-सामने हो गए। मारपीट की स्थिति भी निर्मित हो गई। वार्ड -44 लक्ष्मी नगर से भाजपा प्रत्याशी दया सिंह ने फर्जी वोटिंग को लेकर जमकर हंगामा किया। मामला तब बिगड़ गया जब भाजपा प्रत्याशी दया सिंह हाथापाई पर उतर आए। प्रत्याशी पुलिस से भी उलझ गया। वहीं भिलाई के वार्ड-47 के मतदान केंद्र में भी फर्जी वोटिंग को लेकर माहौल खराब हो गया। पुलिस को मामला शांत करने लाठियां भांजनी पड़ी।
बीरगांव के वार्ड-12 में हंगामा, बिलासपुर में भी विवाद
रायपुर के बीरगांव नगर निगम के वार्ड नंबर 12 में फर्जी मतदान को लेकर हंगामा हो गया है। वोट देने पहुंचे कुछ लोगों को यह कहकर लौटा दिया गया कि आपका मतदान हो गया है। इसे लेकर भारी बवाल हो गया। वार्ड 11-12 में बवाल के बाद विधायक अजय चंद्राकर और नारायण चंदेल मतदान केंद्र पहुंचे। भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस विधायक का बेटा पंकज शर्मा बूथ के भीतर गया और वहां सीसीटीवी बंद करवाकर फर्जी मतदान करवाया है। यहां भाजपा के कार्यकर्ताओं ने जबरदस्त हंगामा कर दिया। वहीं कांग्रेस कार्यकर्ता भी सड़क पर आ गए और नारेबाजी करने लगे। पुलिस ने सभी को मतदान केंद्र के सामने से खदेड़ा। हंगामा के बाद और पुलिस बल तैनात किया गया है। वहीं बिलासपुर के वार्ड क्रमांक-29 के उपचुनाव में विधायक शैलेष पांडेय और महापौर रामशरण यादव के मतदान केंद्र के अंदर पहुंचने पर पूर्व महापौर किशोर राय और नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष अशोक विधानी और समर्थकों ने जमकर हंगामा किया।



