सांसद सरोज ने प्रदेश सरकार पर अप्रत्यक्ष चुनाव प्रणाली पर उठाए सवाल, कहा- सीधे चुनाव लड़ने से डरती है कांग्रेस

छत्तीसगढ़ के 10 जिलों के 15 नगरीय निकायों में चुनाव को अब सिर्फ दो दिन बचे हैं। नेता एक-दूसरे को धूल चटाने की रणनीति पर काम कर रहे हैं। वहीं आरोप-प्रत्यारोप और निशाना साधने का दौर भी चरम पर है। शनिवार को राज्यसभा सांसद सरोज पांडे ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर निशाना धा। भिलाई के भाजपा कार्यालय में सांसद सरोज पांडेय ने निकाय चुनाव में लागू किए गए अप्रत्यक्ष चुनाव प्रणाली पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सीधे चुनाव लड़ने से डरती है, इसीलिए निकायों में अध्यक्ष व महापौर चुनने का अधिकार पार्षदों को दे दिया है।

सांसद सरोज ने कहा कि पूर्व में महापौर चुनने का अधिकार जनता को होता था। जनता पार्षद व महापौर के लिए अलग-अलग वोट करती थी, लेकिन जैसे  छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार बनी तो इसे बदल दिया। प्रदेश में भूपेश सरकार नई प्रणाली लागू कर कांग्रेस सरकार सीधे चुनाव लड़ने से डर रही है। सरोज पांडेय ने आरोप लगाया कि पार्षदों के माध्यम से महापौर व अध्यक्ष का चुनाव इसलिए लागू कराया गया ताकि सरकार को इसका लाभ मिल सके। कांग्रेस पार्टी को डर है कि सीधे महापौर का चुनाव लडेंगे तो हार जाएंगे इसलिए इस व्यवस्था को ही बदल दिया।

सीएम भूपेश ने प्रदेश में विकास के नाम पर कुछ नहीं किया 
सांसद सरोज पांडे ने कहा कि बीते 3 वर्षों में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रदेश में विकास के नाम पर कुछ भी नहीं किया है। यह जनता देख रही है। भिलाई की जनता जाग चुकी है। कांग्रेस के किसी भी झांसे में नहीं आने वाली है। इस बार प्रदेश के सभी निकायों में भारतीय जनता पार्टी के अधिक से अधिक पार्षद जीतकर आएंगे। दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल ने भी भाजपा की जीत का दावा किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस झूठे दावे कर रही है। प्रदेश के लोग भी अच्छी तरह से जान गए हैं कि विकास कौन कर रहा है। दुर्ग जिले सहित प्रदेश में जो विकास दिख रहा है वह पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह की देन है।

Related Articles

Back to top button