पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन ने लगाया प्रदेश सरकार पर गंभीर आरोप , कहा शराब तस्करी, लकड़ी तस्करी, जुआ सट्टा जैसे अवैध कारोबार बढ़ रहा है

नगर देवांगन समाज द्वारा आयोजित परमेश्वरी महोत्सव में पूर्व मुख्यमंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ रमन सिंह ने शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने समाज के लोगों को बधाई व शुभकामनाएं दी।पूर्व मुख्यमंत्री एवं राजनंदगांव के विधायक डॉ रमन सिंह ने राजनांदगांव शहर के गोविंदराम निर्मलकर ऑडिटोरियम में आयोजित नगर देवांगन समाज के परमेश्वरी महोत्सव में शिरकत की, इस दौरान डॉ रमन सिंह ने देवांगन समाज की तारीफ करते हुए कहा कि बुनकर समाज छत्तीसगढ़ प्रदेश की रीढ़ की हड्डी है।
वहीं उन्होंने प्रदेश सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की भूपेश सरकार द्वारा बुनकर समाज के लोगों को देने वाले स्कूल ड्रेस के काम में कटौती कर बाहर प्रदेशों के लोगों को काम दिया जा रहा है, जिससे बुनकरों की समिति कर्ज में डूब गई है और डिफाल्टर हो रही है। डॉ रमन सिंह ने आरोप लगाते हुए कहा कि शराब तस्करी, लकड़ी तस्करी, जुआ सट्टा जैसे अवैध कारोबार बढ़ रहा है और पैसे लेकर सब काम कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे में ना जंगल बचेगा और ना आम आदमी का जीवन सुरक्षित होगा।
नगर देवांगन समाज द्वारा आयोजित परमेश्वरी महोत्सव के आयोजन में बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित हुए। वहीं इस अवसर पर बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति भी दी। नगर देवांगन समाज भवन के लिए 1 लाख रूपये से अधिक दान देने वाली 80 वर्षीया वृद्ध महिला का डॉ रमन सिंह ने इस अवसर पर सम्मान भी किया। वहीं उन्होंने माता परमेश्वरी महोत्सव के अवसर पर समाज को संबोधित करते हुए कहा कि ढाई साल बाद जब सरकार बदलेगी तब एक बार फिर समाज के लिए बेहतर काम किया जाएगा।



