बाबर आजम नहीं लेते सीनियर्स से सलाह

इस्लामाबाद. 63 साल के क्रिकेट के पाकिस्तानी इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ है कि अपनी ही पिच पर पाक को लगातार तीन टेस्ट में हार का सामना करना पड़ा। पाकिस्तानी टीम की इस फजीहत के बाद काफी बवाल हो रहा है। पूर्व क्रिकेटर शाहिद अफरीदी कप्तान बाबर आजम पर बरस पड़े और जमकर लताड़ा। उन्होंने बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि बाबर आजम कप्तान के तौर पर विफल हैं क्योंकि वह अपने सीनियर खिलाड़ियों से सलाह नहीं लेते हैं। उन्हें अपने लोगों से ज्यादा बाहरियों पर भरोसा है। उन्होंने बल्लेबाजी कोच मोहम्मद युसुफ को भी आड़े हाथों लिया और कहा कि उनका चयन सही नहीं रहता है।
बता दें कि दूसरे टेस्ट मैच में इंग्लैंड ने पाकिस्तान को हरा दिया था। इसके बाद सीरीज 2-0 से जीत ली। एक टीवी चैनल से बात करते हुए शाहिद अफरीदी ने कहा, एक कप्तान के रूप में हमें हमेशा लगता था कि अच्छा लीडर तभी हुआ जा सकता है जब सभी खिलाड़ियों को साथ लेकर चला जाए। इसका मतलब आपको अपने प्लान के बारे में सीनियर खिलाड़ियों से भी मशविरा करना चाहिए। जब आप बहरियों से सलाह लेना शुरू करते हैं और अपने सीनियर खिलाड़ियों को किनारे कर देते हैं तो दिक्कतें पेश आती हैं।
अफरीदी ने मुल्तान के मैदान में आई भीड़ पर भी हार का ठीकरा फोड़ा और कहा कि लोग बाबर आजम के जल्दी आउट होने के बाद उनको हूट करने लगे। इसके अलावा अफरीदी ने कहा, अगर हम खुद अपने खिलाड़ियों की कद्र नहीं करेंगे तो दुनिया में कोई भी उनकी कद्र नहीं करेगा। बेशक बाबर आजम टीम की रीढ़ की हड्डी हैं। उनका प्रदर्शन उतना खराब भी नहीं था। ये कोई टेबल टेनिस या स्क्वैश का खेल तो है नहीं कि जो खेलने जाए वह अकेला ही प्रदर्शन करे और जितवाए।
उन्होंने कहा, जब तक कि पूरी टीम अच्छा प्रदर्शन नहीं करती हम किसी एक से उम्मीद नहीं कर सकते। वह कप्तान हैं और उनपर बहुत सारी जिम्मेदारियां हैं। लेकिन सीनियर्स से सलाह लेने से मुश्किलें आसान हो सकती हैं जो कि वह नहीं कर रहे हैं।



