सुरजपुर:पुलिसकर्मी का युवक की पिटाई करते वीडियो वायरल, एसपी ने की कार्रवाई

छत्तीसगढ़ के सूरजपुर में कथित तौर पर लॉकडाउन के नियम का उल्लंघन करने पर एक पुलिसकर्मी ने एक व्यक्ति की पिटाई कर दी। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद पुलिसकर्मी के खिलाफ कार्रवाई की गई।
देशभर में कोरोना महामारी का प्रकोप फैला हुआ है। ऐसे में तमाम राज्यों ने अपने यहां कोरोना के मामलों को नियंत्रित करने के लिए सख्त लॉकडाउन लागू कर रखा है। छत्तीसगढ़ में भी लॉकडाउन लगाया गया है। वहीं, राज्य में लगाए गए प्रतिबंधों का सख्ती से पालन कराने की जिम्मेदारी पुलिस प्रशासन के कंधों पर है। हालांकि, प्रदेश की पुलिस लोगों से सख्ती के नाम पर ज्यादती करती नजर आ रही है। दरअसल, राज्य के सूरजपुर जिले का एक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है, जिसमें एक पुलिसकर्मी लॉकडाउन का उल्लंघन करने पर एक युवक पर डंडा बरसाते नजर आ रहा है। इस वीडियो के वायरल होने के बाद पुलिसकर्मी को लाइन हाजिर कर दिया गया।
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
बता दें, युवक की पिटाई करने वाले पुलिसकर्मी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद अब लोग छत्तीसगढ़ पुलिस की काफी आलोचना कर रहे हैं। वहीं, इस मामले में संज्ञान लेते हुए सूरजपुर के पुलिस अधीक्षक राजेश कुकरेजा ने कोतवाली थाना प्रभारी बसंत खलखो को लाइन अटैच कर दिया। मालूम हो कि सूरजपुर कोतवाली के थाना प्रभारी बसंत खलखो ने कथित तौर पर कोरोना लॉकडाउन दिशानिर्देशों का उल्लंघन करने पर एक व्यक्ति की पिटाई की, जिसके बाद उनके खिलाफ यह कार्रवाई की गई।
स्कूटी लेकर फरार हुआ चालक
Ads by
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि लॉकडाउन के समय, चेकिंग के दौरान स्कूटी सवार युवकों को पुलिस ने रोका लिया, जिसमें एक शख्स पर पुलिसकर्मी जैसे ही लाठी बरसाता है, स्कूटी पर सवार युवक मौका पाकर भागने लगता है। पुलिसकर्मी भी उसका पीछा करते हैं, लेकिन पकड़ नहीं पाते हैं।



