राहुल गांधी ने संजीवनी लाते हनुमान की तस्वीर शेयर कर दी शुभकामनाएं

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने देशवासियों को हनुमान जयंती की शुभकामनाएं दी हैं। इसके साथ ही राहुल गांधी ने ट्विटर पर हनुमान जी की संजीवनी बूटी लाते हुए तस्वीर भी साझा की है। इस तस्वीर में हनुमान जी के एक हाथ में पर्वत दिख रहा है। कांग्रेस लीडर की ओर से जारी की गई इस तस्वीर को एक संदेश के तौर पर भी देखा जा रहा है। बीजेपी की ओर से अकसर कांग्रेस पर मुस्लिम तुष्टीकरण का आरोप लगाया जाता रहा है। ऐसे में राहुल गांधी की ओर से शेयर की गई यह तस्वीर कांग्रेस की बदली हुई नीतियों का संकेत है। 

इससे पहले राहुल गांधी ने एक और ट्वीट कर केंद्र सरकार पर कोरोना का डेटा छिपाने का भी आरोप लगाया है। राहुल गांधी ने लिखा है कि भले ही केंद्र सरकार महामारी पर नियंत्रण नहीं कर पा रही है, लेकिन उसके सच पर नियंत्रण जरूर कर लिया है। राहुल गांधी ने ट्वीट किया, ‘रोज़गार और विकास की तरह केंद्र सरकार कोरोना का असली डेटा भी जनता तक नहीं पहुंचने दे रही। महामारी ना सही, महामारी का सच तो नियंत्रण में कर ही लिया!’ राहुल गांधी कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों, ऑक्सीजन की कमी से लेकर अन्य तमाम समस्याओं को लेकर लगातार मोदी सरकार पर हमलावर रहे हैं।

इससे पहले सरकार की ओर से कोरोना वैक्सीन के निर्यात करने और अब देश में कमी होने पर भी वह निशाना साध चुके हैं। एक अन्य ट्वीट में राहुल गांधी ने मांग की है कि देश के सभी लोगों को कोरोना वैक्सीन मुफ्त में मिलनी चाहिए। राहुल गांधी ने ट्वीट किया, ‘चर्चा बहुत हो चुकी। देशवासियों को वैक्सीन मुफ़्त मिलनी चाहिए- बात ख़त्म। मत बनाओ भारत को भाजपा system का victim!’ राहुल गांधी के अलावा उनकी बहन और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी भी यूपी और केंद्र सरकार पर कोरोना से मरने वालों का आंकड़ा छिपाने का आरोप लगा चुकी हैं।

Related Articles

Back to top button