रायपुर में दिनदहाडे हत्या करना वाला आरोपी हुआ गिरफ्तार

रायपुर। राजधानी में मंगलवार को दिनदहाड़े राजातालाब इलाके के गरबा मैदान के पास चाकू से गोदकर युवक की हत्या करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मिली जानकारी के अनुसार मृतक के भतीजे मनोज हरपाल की शिकायत पर पुलिस ने विकास सिंह ठाकुर उर्फ गोलू के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। मनोज ने बताया कि उसके चाचा मृतक प्रवीण हरपाल कल यादव पारा के पास गरबा मैदान में मोहोल्लेवासियों के साथ बैठे थे, इसी दौरान विकास ने पीछे से आकर प्रवीण के पेट के बाएं हिस्से में चाकू से वार कर दिया और मौके से फरार हो गया। इसके बाद 108 संजीवनी आने के पहले ही प्रवीण ने दम तोड़ दिया। मौके पर पहुंची पुलिस की टीम ने प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ की और हत्यारे को पकड़ने टीम रवाना किया। आरोपी विकास को सिविल लाइन थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आगे की कार्यवाई की जा रही है।



