दिल्ली में छह दिन का लॉकडाउन, क्या खुलेगा और क्या बंद रहेगा, देखिए पूरी लिस्ट

दिल्ली में कोरोना वायरस के मामलों में हो रही भयावह बढ़ोतरी को देखते हुए केजरीवाल सरकार ने राजधानी में 6 दिनों का लॉकडाउन का ऐलान किया है। यह लॉकडाउन आज रात से 26 अप्रैल की सुबह तक रहेगा। दिल्ली में कोरोना संक्रमण की दर 30 फीसदी तक पहुंच गई है। रविवार को राजधानी में 25462 नए संक्रमित मिले जिसकों देखते हुए सीएम केजरीवाल ने इस लॉकडाउन का ऐलान किया है।

सीएम अरविंद केजरीवाल ने यह फैसला सोमवार सुबह उपराज्यपाल अनिल बैजल से मीटिंग के बाद लिया है। सीएम ने प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि आज रात को 10 बजे से अगले सोमवार को सुबह 5 बजे तक 6 दिन के लिए दिल्ली में लॉकडाउन लगाया जा रहा है। इस दौरान आवश्यक सेवाएं जारी रहेंगी, मेडिकल व्यवस्थाओं की, खाने-पीने की सेवाएं जारी रहेंगी। शादियां भी होंगी, पर 50 लोगों के साथ, उसके लिए अलग से पास दिए जाएंगे।

केजरीवाल ने आगे कहा कि ​​पिछले 24 घंटे में लगभग 23,500 मामले आए हैं। संक्रमण दर बहुत ज्यादा बढ़ गई है। दिल्ली के अस्पतालों में बेड की भारी कमी हो रही है। ICU बेड लगभग खत्म हो रहे हैं। 100 से भी कम ICU बेड बचे हैं। दवाईयों की कमी हो रही है।केजरीवाल ने कहा कि अगर हर दिन 25 हजार केस आएंगे तो किसी भी राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्थाएं ठप हो सकती हैं। दिल्ली के अंदर कोरोना के कारण काफी गंभीर हालात है। दिल्ली में कोरोना की चौथी वेब आई है।

इस दौरान दिल्लीवासियों को तमाम पाबंदियों को ध्यान में रखना होगा। यहां पढ़ें लॉकडाउन से जुड़ी 10 बातें- 
सोमवार रात 10 बजे से अगले सप्ताह सोमवार सुबह 5 बजे तक लागू रहेगा लॉकडाउन।
निजी कार्यालयों को पूरी तरह से बंद रखा जाएगा और उन्हें वर्क फ्रॉम होम के लिए कहा जाएगा। 
दूसरे राज्यों से आने जाने पर रोक नहीं।
आवश्यक सेवाओं से जुड़े लोगों को जारी किए जाएंगे पास।
मॉल, जिम, स्पा और ऑडिटोरियम रहेंगे बंद। 
शादी में 50 लोगों के शामिल होने की अनुमति। इसके लिए पहले से इजाजत लेनी होगी।
दिल्ली में मेट्रो सेवा जारी रहेगी लेकिन इसके लिए पास अनिवार्य होगा।
दूध, फल और सब्जी की दुकानों को खुला रखा जाएगा।
बिना किसी कारण के बाहर निकलने पर किया जाएगा चालान।
राजधानी दिल्ली में कोरोना के बेतहाशा बढ़ते मामलों के बीच लोगों को जागरूक किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button