CBSE की परीक्षा पर बडा फैसला:CBSE की 10वीं की परीक्षा रद्द, 12वीं परीक्षा टाली गई

कोरोनावायरस का प्रकोप तेजी से फैल रहा है, जिसको देखते हुए बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने CBSE परीक्षाओं के संबंध में एक हाईलेवल मीटिंग बुलाई थी. इस बैठक में बड़ा फैसला लिया गया है.  CBSE बोर्ड की 12वीं की परीक्षा स्थगित कर दी गई है और 10वीं की परीक्षा रद्द करने का फैसला लिया गया है.

लगातार बढ़ रहे मामलों को देखते हुए परीक्षाएं रद्द करने की मांग उठने लगी थी. दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी परीक्षाओं को स्थगित करने की मांग की थी. सीबीएसई बोर्ड ने भी इस संबंध में अन्य केंद्र शासित प्रदेशों से चर्चा करने का फैसला किया था. इसके अलावा पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह, कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी और राहुल गांधी समेत कई बड़ी हस्तियों ने बोर्ड परीक्षा को स्थगित या रद्द करने की मांग की थी

12वीं की परीक्षाएं स्थगित

सीबीएसई बोर्ड ने 12वीं की परीक्षाओं को स्थगित कर दिया है. पहले 12वीं की परीक्षाएं 4 मई से 14 जून के बीच होनी थी. आगे की तारीख के लिए बोर्ड एक जून को समीक्षा बैठक करेगा. जानकारी के मुताबिक 15 दिन पहले डेट शीट के बारे में सूचित कर दिया जाएगा. शिक्षा मंत्रालय की ओर से इस बारे में जानकारी दी गई है.

कैसे बनेगा 10वीं का रिजल्ट

देश में एक दिन में दो लाख मामले सामने आने के बाद सीबीएसई की 10वीं की परीक्षाओं को रद्द करने का फैसला लिया गया है. ये परीक्षाएं भी 4 मई से 14 जून के बीच होनी थी. अब सवाल यह उठता है कि 10वीं का रिजल्ट फिर किस ढंग से तैयार किया जाएगा. सीबीएसई का कहना है कि इसके लिए एक निर्धारित मापदंड बनाया जाएगा और उसी के आधार पर रिजल्ट तैयार होगा. अगर कोई छात्र संतुष्ट नहीं होता है, तो उसे परीक्षा में बैठने का मौका दिया जाएगा. हालांकि यह परीक्षा स्थितियां सामान्य होने पर ही संभव हो पाएंगी.

Related Articles

Back to top button