6 हजार रुपये लोगों के खाते में डाले,उम्र नही जरूरत के मुताबिक लगवाए टीके,सोनिया गांधी ने पीएम मोदी को लिखा खत

देश में भयावह रूप ले रही कोरोना महामारी के बीच कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा है। सोनिया गांधी ने इसमें पीएम मोदी से अपील की कि मासिक आय गारंटी योजना लागू की जाए और इसके तहत हर पात्र नागरिक के खाते में 6000 रुपये ट्रांसफर किए जाएं

कोरोना के टीके की पात्रता को उम्र की बजाय जरूरत के मुताबिक किया जाए। इसके साथ ही सोनिया गांधी ने प्रधानमंत्री से यह भी आग्रह किया कि देश में जो भी कंपनियां कोविड-19 रोधी टीके के आपात इस्तेमाल की मंजूरी के लिए आवेदन कर चुकी हैं, उन्हें भी मंजूरी दी जाए।

सोनिया ने शनिवार को हुई कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ डिजिटल बैठक का हवाला देते हुए पत्र में कहा कि टीका एक बड़ी उम्मीद है। दुख की बात है कि ज्यादातर राज्यों में तीन से पांच दिन का ही टीका बचा हुआ है। ऐसे में हमें टीके को यहां बनाने की गति तेज करने के साथ ही अन्य कंपनियों के टीके को आपात स्थिति में उपयोग की अविलंब मंजूरी देने की जरूरत है।

उन्होंने यह भी कहा कि उम्र की जगह पर जरूरत के मुताबिक टीके की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए तथा राज्यों को भी संक्रमण की स्थिति और आगे के अनुमान के आधार पर ही टीके उपलब्ध कराए जाएं।

कांग्रेस अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री से यह आग्रह भी किया कि कोरोना वायरस संक्रमण से निपटने के लिए सभी जरूरी चिकित्सा उपकरणों, दवाओं और संबंधित बुनियादी ढांचे को जीएसटी से मुक्त किया जाए। उन्होंने कहा कि संक्रमण की स्थिति को देखते हुए रात्रिकालीन कर्फ्यू जैसे सख्त कदम उठाए जा रहे हैं और ऐसे में गरीब एवं कमजोर तबके के लोगों को छह हजार रुपये की मासिक आर्थिक मदद दी जाए।
 

Related Articles

Back to top button