उप मुख्यमंत्री अरुण साव की पहल पर सभी संभागीय एवं जिला मुख्यालयों में लगेगी डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा, 10.60 करोड़ रुपये स्वीकृत

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय,उप मुख्यमंत्री अरुण साव,वन मंत्री केदार कश्यप,बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव,सांसद महेश कश्यप एवं महापौर संजय पांडे के प्रति आभार — संग्राम सिंह राणा सभापति राजस्व
जगदलपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य के सभी संभागीय एवं जिला मुख्यालय वाले नगरीय निकायों में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की भव्य प्रतिमाएं स्थापित करने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन तथा उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव की पहल पर राज्य सरकार ने इस कार्य के लिए 10 करोड़ 60 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की है।
देश के प्रथम उद्योग मंत्री, प्रख्यात शिक्षाविद् एवं राष्ट्रवादी विचारक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के अवसर पर उनके राष्ट्र निर्माण और अखंड भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग द्वारा राज्य के 32 नगरीय निकायों में उनकी प्रतिमा स्थापना के लिए राशि स्वीकृत की गई है।
नगर निगम जगदलपुर के राजस्व सभापति संग्राम सिंह राणा ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव, वन मंत्री केदार कश्यप, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव, बस्तर सांसद महेश कश्यप तथा जगदलपुर महापौर संजय पांडे के प्रति आभार व्यक्त किया है।
संग्राम सिंह राणा ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के विचार आज भी समाज और विशेष रूप से नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत हैं। जगदलपुर नगर निगम क्षेत्र में उनकी प्रतिमा स्थापित होने से नागरिकों, विशेषकर युवाओं को उनके व्यक्तित्व, कृतित्व एवं राष्ट्रसेवा के आदर्शों से प्रेरणा प्राप्त होगी।



