कारोबारी से 1 लाख की लूट, थार सवार तीन आरोपी फरार, पुलिस जांच में जुटी

रायपुर। राजधानी रायपुर में दिनदहाड़े लूट की सनसनीखेज घटना सामने आई है। चंदनडीह इलाके में महिंद्रा थार सवार तीन बदमाशों ने एक कारोबारी के साथ मारपीट कर उसके बैग से 1 लाख रुपये लूट लिए और फरार हो गए। इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। वहीं घटना की सूचना मिलते ही पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है। यह मामला आमानाका थाना क्षेत्र का है।

 

जानकारी के अनुसार, पंडरी के ताज नगर मस्जिद के पास रहने वाले 40 वर्षीय जफर इकबाल होम डेकोर का काम करते हैं। उन्होंने शिकायत में बताया कि 20 अप्रैल 2026 को चंदनडीह, रायपुर में थार वाहन (CG-07-CS-7739) में सवार तीन व्यक्तियों ने उनके साथ मारपीट कर 1 लाख रुपये नगद लूट लिए।

 

आरोपियों ने ऐसे दिया वारदात को अंजाम

घटना के दिन दोपहर करीब 2:45 बजे पीड़ित अपनी मोटरसाइकिल (CG-04-HV-9732) से टाटीबंध से कुम्हारी अपने एक मित्र को 1,50,000 रुपये देने जा रहे थे। यह रकम उन्होंने एक काले रंग के बैग में रखकर कंधे पर टांगी हुई थी। चंदनडीह के पास पुल में जाम होने के कारण वे नीचे की ओर चले गए और दुर्गा मंच के पास पानी पीने के लिए रुके।

 

इसी दौरान दोपहर करीब 3 बजे काले रंग की थार गाड़ी में सवार तीन व्यक्ति वहां पहुंचे। उनमें से एक व्यक्ति नीचे उतरकर उनका बैग छीनने लगा और विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की। पीड़ित ने बताया कि उन्होंने आरोपी को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन आरोपी बैग गाड़ी में डालने में सफल हो गया। वहीं गाड़ी में बैठे दूसरे व्यक्ति ने कुछ दूरी पर बैग वापस फेंक दिया। बैग उठाकर देखने पर उसमें केवल 50,000 रुपये ही बचे थे, जबकि 1,00,000 रुपये आरोपी लूटकर फरार हो गए।

 

घटना के बाद पीड़ित ने उनका पीछा करते हुए परसदा रोड स्थित कैवल्य धाम मंदिर तक पहुंचा, जहां आरोपी थार गाड़ी अंदर ले गए थे। पीड़ित को देखकर वे वहां से भी फरार हो गए। इस घटना में पीड़ित के दाहिने हाथ की कलाई और सीने में चोट आई है। पीड़ित ने बताया कि पीछा करते समय उन्होंने थार वाहन का नंबर CG-07-CS-7739 नोट कर लिया था। मामले की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है।

आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

रायपुर पश्चिम जोन एडिशनल डीसीपी राहुल देव ने बताया कि एक युवक व्यापारिक लेनदेन के हिसाब से डेढ़ लाख रुपये किसी को देने जा रहा था। इसी बीच चंदनडीह के आसपास थार सवार अज्ञात बदमाशों ने बैग छीनकर भागने का प्रयास किया। इस दौरान युवक ने बदमाशों से झड़प कर 50 हजार रुपये छीनने में कामयाब रहा। बाकी शेष एक लाख रुपये बदमाश लेकर फरार हो गए हैं। पूरे मामले की शिकायत मिलते ही जांच लगातार की जा रही है। पुलिस टीम कई स्थानों पर छापेमारी कर आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

Related Articles

Back to top button