FEATURED

ग्राम गोरियापाल में पानी की समस्या को लेकर बैठक, ग्रामीणों ने जताई नाराज़गी

 

बस्तर/बस्तानार:

बस्तर अधिकार मुक्ति मोर्चा एवं जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के चित्रकोट विधानसभा अध्यक्ष कमल बघेल के नेतृत्व में बस्तानार ब्लॉक अंतर्गत ग्राम गोरियापाल (पटेलपारा, गंगापारा) में पानी की गंभीर समस्या को लेकर बैठक आयोजित की गई।

बैठक में ग्रामीणों ने बताया कि गांव में हर घर तक नल तो पहुंचा दिया गया है, लेकिन उनमें पानी नहीं आ रहा है। मजबूरी में ग्रामीण झरिया का पानी पीने को विवश हैं। गर्मी के दिनों में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है, जब झरिया का पानी सूख जाता है। ऐसे में लोगों को 1 से 2 किलोमीटर दूर जाकर पानी लाना पड़ता है, जिससे उनका आधा दिन केवल पानी लाने में ही निकल जाता है और घर के अन्य काम प्रभावित होते हैं।

बस्तानार ब्लॉक अध्यक्ष विजय कवासी ने कहा कि पानी की समस्या को लेकर कई बार सरपंच और सचिव से बात की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने बताया कि आज तक गांव में पानी की टंकी भी नहीं बनाई गई है। जब इस विषय में सचिव से चर्चा की गई, तो उन्होंने जिम्मेदारी पीएचई (PHED) विभाग पर डाल दी।

बैठक में मौजूद ग्रामीणों और पदाधिकारियों ने प्रशासन से जल्द समाधान की मांग की।

इस दौरान जिला महामंत्री संतु कश्यप, युवा अध्यक्ष सूरज कश्यप, ब्लॉक अध्यक्ष विजय कवासी, कोषाध्यक्ष/उपाध्यक्ष रामसिंग कुरामी, सोमनाथ पोडियामी, वेदप्रकाश कुरामी, जमुना मांडवी, पायकों मांडवी, संध्या कुरामी, पुंगार कुरामी, लखमा कुरामी, पीलू मांडवी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button