शहीद हरचंद नाईक शासकीय महाविद्यालय तोकापाल परिसर में “एक पेड़ माँ के नाम 2.0” अभियान के तहत 251 पौधों का रोपण : महेश कश्यप


जगदलपुर , नवीन श्रीवास्तव।सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत राजूर स्थित शहीद हरचंद नाईक शासकीय महाविद्यालय, तोकापाल में पर्यावरण संरक्षण और मातृ सम्मान को समर्पित “एक पेड़ माँ के नाम 2.0” अभियान के तहत 251 पौधों का रोपण का कार्यक्रम किया गया l इस दौरान सांसद महेश कश्यप,चित्रकोट विधायक विनायक गोयल सहित उपस्तिथ जन प्रतिनिधियों का स्वागत पुष्प वर्षा,तिलक और एन सी सी कैडेटो ने सलामी देकर की l तत् पश्चात् अतिथियों द्वारा महाविद्यालय में स्थित शहीद हरचंद नाईक के मूर्ति को पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन कियाl एक पेड़ मां के नाम पौधरोपण विधिवत पूजा कर संपन्न किया गया l
सांसद महेश कश्यप ने कहा माँ प्रकृति और जन्मदात्री माँ, दोनों ही जीवन का आधार हैं। ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान न केवल पर्यावरण को सुरक्षित रखने का संकल्प है बल्कि यह मातृ सम्मान की भावना को भी जन-जन तक पहुँचाता है। पेड़ों की रक्षा के लिए बस्तर की धरती पर अनेक आंदोलन और विद्रोह आदिवासी समाज ने किए हैं। अंग्रेजों द्वारा साल वृक्षों की कटाई को रोकने हेतु 1859 में हुआ “कोई विद्रोह” इसका ऐतिहासिक उदाहरण है। इसके अलावा हमारे आदिवासी पूर्वजों ने जब भी समाज को शोषण से मुक्ति दिलाने के लिए विद्रोह किए,तब वृक्ष की टहनी को प्रतीक चिन्ह बनाकर उसे अपने संघर्ष का ध्वज बनाया। और आदिवासी समाज आदिकाल से प्रकृति की पूजा और उसका संरक्षण प्राथमिक रूप से करता आया है और आगे भी करेगा l
चित्रकोट विधायक विनायक गोयल ने कहा आज जब पर्यावरण प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन बड़ी चुनौतियाँ बन रही हैं, ऐसे में पौधारोपण ही सबसे बड़ा समाधान है। हम सभी को पेड़ों को अपनी माँ के समान मानकर उनकी देखभाल करनी चाहिए।
पूर्व विधायक बैदूराम कश्यप ने कहा बस्तर की परंपरा सदैव प्रकृति संरक्षण से जुड़ी रही है। पौधारोपण के इस अभियान से नई पीढ़ी को न केवल पर्यावरण के महत्व का बोध होगा, बल्कि समाज में हरियाली और सकारात्मकता भी बढ़ेगी। पौधरोपण के इस सामूहिक अभियान से महाविद्यालय परिसर हरित और सुरक्षित बनेगा। विद्यार्थियों एवं जनप्रतिनिधियों ने इन पौधों की नियमित देखभाल का संकल्प भी लिया।
इस अवसर पर बस्तर सांसद महेश कश्यप, चित्रकोट विधायक विनायक गोयल, पूर्व विधायक बैदूराम कश्यप, जिला पंचायत उपाध्यक्ष बलदेव मंडावी, पूर्व विधायकगण, जिला एवं जनपद पंचायत के सदस्यगण, जनप्रतिनिधिगण,वन मंडल के अधिकारी,रेड क्रॉस सोसायटी वन समिति के सदस्य,महाविद्यालय के शिक्षक शिक्षिकाएं एवं विद्यार्थीगण उपस्थित रहे।



