राहुल गांधी से ईडी की पूछताछ के विरोध में रायपुर में कांग्रेस का प्रदर्शन जारी

रायपुर। दिल्ली के केंद्रीय कांग्रेस कार्यालय में हुए लाठीचार्ज और कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी पर बार-बार ईडी द्वारा पूछताछ के विरोध में कांग्रेस का एकदिवसीय धरना प्रदर्शन रायपुर में शुरू हो गया। प्रदर्शन से पहले सभी कांग्रेसी नेता रायपुर के अंबेडकर चौक पहुंचे। कुछ ही देर में पैदल मार्च कर राज्यपाल को ज्ञापन सौपेंगे। पीसीसी चीफ मोहन मरकाम धरनास्‍थल पर पहुंचे। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल थोड़ी देर में पहुचेंगे। धरना में अमितेश शुक्ला, कुलदीप जुनेजा, अनिता शर्मा, कुंवर निषाद, प्रतिमा चंद्राकर, रवि घोष, अमरजीत चांवला, सुभाष धुप्पड़, शिव ठाकुर, गिरीश दुबे, ऊधो वर्मा, रश्मि चंद्राकर सहित कांग्रेस पदाधिकारी, विधायक शामिल हैं।

इससे पहले कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी से ईडी की पूछताछ का विरोध कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रायपुर से लेकर दिल्ली तक किया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम बुधवार सुबह दिल्ली पहुंचे और कांग्रेस मुख्यालय के प्रदर्शन में शामिल हुए। रायपुर में मंत्री शिव डहरिया ने राजीव भवन में पत्रकारवार्ता में कांग्रेस मुख्यालय में पुलिस के प्रवेश पर विरोध दर्ज कराया। अब कांग्रेस गुस्र्वार को केंद्र सरकार के खिलाफ ब्लाक स्तर पर प्रदर्शन करेगी। कांग्रेस कार्यकर्ता केंद्र सरकार के कार्यालय के बाहर प्रदर्शन करेंगे और राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपेंगे।

मंत्री डहरिया ने कहा कि केंद्र सरकार तानाशाही पर उतर आई है। इनका चरित्र आलोकतांत्रिक तो था ही, अब यह क्रूर भी हो चुके हैं। एआइसीसी दफ्तर के अंदर दिल्ली पुलिस ने घुसकर लाठीचार्ज किया। कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारियों को भी एआइसीसी दफ्तर के अंदर नहीं जाने दिया जा रहा है। डहरिया ने कहा कि राहुल गांधी से पूछताछ में कुछ भी गलत नहीं मिल रहा, तो विपक्ष का मनोबल तोड़ने के लिए केंद्र सरकार सत्ता का दुरूपयोग कर रही है। केंद्र सरकार महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों से जनता का ध्यान हटाने के लिए स्तरहीन राजनीति कर रही है।

मंत्री शिव डहरिया ने कहा कि राहुल गांधी केंद्र सरकार की गलत नीतियों को लगातार उजागर कर रहे हैं, इसलिए उनको परेशान किया जा रहा है। चीन की घुसपैठ, कोरोना की भयावहता, कमजोर होती अर्थव्यवस्था, महंगाई, बेरोजगारी के मुद्दे राहुल गांधी उठा रहे हैं।

Related Articles

Back to top button