FEATURED

एएआईबी की रिपोर्ट पर केंद्रीय मंत्री का बड़ा बयान, कहा – जिम्मेदार लोगों पर होगी कार्रवाई

केंद्रीय मंत्री प्रतापराव जाधव ने अहमदाबाद एयरपोर्ट पर हुए एअर इंडिया एआई171 विमान हादसे पर गहरी चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि यह पूरी देश के लिए एक चिंताजनक घटना है। सरकार ने तुरंत कार्रवाई करते हुए जांच के आदेश दिए हैं और दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे

प्रारंभिक जांच रिपोर्ट में कई बड़ी लापरवाही सामने आई’
केंद्रीय मंत्री जाधव ने कहा, ‘यह एक गंभीर दुर्घटना थी। हमारे प्रधानमंत्री खुद मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। नागरिक उड्डयन मंत्री भी मौके पर पहुंचे। यह जानना जरूरी है कि इतनी गंभीर घटना कैसे हो गई।’ उन्होंने आगे बताया कि विमान हादसे की प्रारंभिक जांच रिपोर्ट में कई बड़ी लापरवाहियां सामने आई हैं। रिपोर्ट के अनुसार, उड़ान भरने के केवल 90 सेकंड के भीतर दोनों इंजन बंद हो गए जिससे विमान की ऊंचाई तेजी से कम होने लगी और वह रिहायशी इलाकों में जा गिरा।
कैसे हुआ हादसा? जांच रिपोर्ट से हुआ खुलासा
शुक्रवार को एयरक्राफ्ट एक्सिडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (एएआईबी) ने हादसे की प्रारंभिक रिपोर्ट जारी की। रिपोर्ट में बताया गया कि टेकऑफ के कुछ ही क्षणों बाद दोनों इंजनों के फ्यूल कटऑफ स्विच गलती से RUN से CUTOFF की स्थिति में चले गए। यह स्विच दोनों पायलटों में से किसी के द्वारा गलती से बदले गए थे। रिकॉर्डिंग में एक पायलट दूसरे से पूछता है, ‘तुमने बंद क्यों किया?’ जवाब आता है, ‘मैंने नहीं किया।’

पायलटों की इंजन चालू करने की कोशिशें रहीं विफल
इंजन बंद होते ही आपात स्थिति में इस्तेमाल होने वाला ‘राम एयर टरबाइन’ (आरएटी) सक्रिय हो गया और विमान तुरंत ऊंचाई खोने लगा। पायलटों ने इंजन को दोबारा चालू करने की कोशिश की, जिसमें एक इंजन ने थोड़ी देर के लिए काम किया, लेकिन दूसरा इंजन शुरू नहीं हो पाया। विमान की गति उस समय लगभग 180 नॉट्स थी, लेकिन वह ऊपर उठने में असफल रहा। दोपहर 1:39 बजे पर विमान से ‘मेडे कॉल (आपातकालीन संकेत) भेजा गया, और कुछ सेकंड बाद ही विमान एयरपोर्ट के पास की रिहायशी कॉलोनियों पर गिर पड़ा।

यह रिपोर्ट आंखें खोलने वाली है- भाजपा नेता
भाजपा नेता और पूर्व नागरिक उड्डयन मंत्री सैयद शहनवाज हुसैन ने भी इस घटना पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, ‘यह रिपोर्ट आंखें खोलने वाली है। इसमें साफ है कि विमान के इंजनों को ईंधन नहीं मिल रहा था।’ वहीं केंद्रीय मंत्री जाधव ने कहा, ‘जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ेगी, जो भी जिम्मेदार पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। हम यह सुनिश्चित करेंगे कि देश में इस तरह की दुर्घटनाएं दोबारा न हों।’

Related Articles

Back to top button