यूएसबीआरएल परियोजना से आध्यात्मिक पर्यटन को बढ़ावा, आजीविका के अवसर होंगे पैदा : मोदी

जम्मू दुनिया के सबसे ऊंचे रेलवे आर्च ब्रिज चिनाब ब्रिज का उद्घाटन करने से पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को कहा कि उधमपुर-श्रीनगर-बारामूला रेल लिंक (यूएसबीआरएल) परियोजना से आध्यात्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और आजीविका के अवसर पैदा होंगे।
श्री मोदी ने सोशल मीडिया एक्स पर अपने पोस्ट में कहा, “कल छह जून वास्तव में जम्मू-कश्मीर के मेरे बहनों और भाइयों के लिए एक विशेष दिन है। करीब 46,000 करोड़ रुपये की प्रमुख बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का उद्घाटन किया जा रहा है, जिसका लोगों के जीवन पर बहुत सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। यूएसबीआरएल परियोजना सभी मौसम में कनेक्टिविटी सुनिश्चित करेगी और श्री माता वैष्णो देवी कटरा से श्रीनगर तक वंदे भारत ट्रेनों के परिचालन से आध्यात्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा तथा आजीविका के अवसर सामने आयेंगे।”
उन्होंने कहा, “चिनाब रेल पुल वास्तुकला की एक असाधारण उपलब्धि होने के अलावा जम्मू-श्रीनगर के बीच संपर्क को बेहतर बनाएगा। अंजी पुल भारत के पहले केबल-स्टेड रेल पुल के रूप में एक चुनौतीपूर्ण इलाके में खड़ा है।”
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव भी व्यवस्थाओं की समीक्षा करने और रेलवे अधिकारियों के साथ बैठक की अध्यक्षता करने के लिए कटरा पहुंचे हैं।
आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक प्रधानमंत्री सुबह करीब 11 बजे चेनाब पुल का उद्घाटन करेंगे और पुल के डेक का दौरा करेंगे।
इसके बाद अंजी पुल का दौरा करेंगे और उसका उद्घाटन करेंगे।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री कटरा में वंदे भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाएंगे और 46,000 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली कई विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे और लोकार्पण करेंगे। श्री मोदी कटरा के स्पोर्ट्स स्टेडियम में रैली को भी संबोधित करेंगे। वह राष्ट्रीय राजमार्ग-701 पर रफियाबाद से कुपवाड़ा तक सड़क चौड़ीकरण परियोजना और एनएच-444 पर शोपियां बाईपास सड़क के निर्माण की 1,952 करोड़ रुपये की लागत की आधारशिला रखेंगे। इसके अलावा वे श्रीनगर में राष्ट्रीय राजमार्ग-1 पर संग्राम जंक्शन और राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर बेमिना जंक्शन पर दो फ्लाईओवर परियोजनाओं का भी उद्घाटन करेंगे। वह कटरा में 350 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाले श्री माता वैष्णो देवी चिकित्सा उत्कृष्टता संस्थान की आधारशिला भी रखेंगे। यह रियासी जिले का पहला मेडिकल कॉलेज होगा जो क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवा के बुनियादी ढांचे में महत्वपूर्ण योगदान देगा।
इससे पहले केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह और जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने प्रधानमंत्री की कटरा यात्रा से पहले अंतिम तैयारियों की समीक्षा की।
डॉ. सिंह ने एक्स पर लिखा, “प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा कल दुनिया के सबसे ऊंचे रेलवे पुल, चेनाब ब्रिज के उद्घाटन के स्थल पर अंतिम क्षणों की तैयारियां। कश्मीर के लिए वंदेभारत को हरी झंडी दिखाने के लिए कटरा रेलवे स्टेशन को पूरी तरह से सजाया गया है।”
श्री अब्दुल्ला ने एक्स पर अपने पोस्ट में कहा, “प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी की कल की यात्रा के लिए व्यवस्थाओं की समीक्षा करने के लिए दुनिया के सबसे ऊंचे रेलवे पुल चिनाब ब्रिज का दौरा किया। कल जम्मू-कश्मीर के लिए एक ऐतिहासिक दिन है, जब
आखिरकार घाटी देश के बाकी हिस्सों से रेलवे लिंक के जरिए जुड़ जाएगी. जिसका उद्घाटन प्रधानमंत्री करेंगे।”



