FEATURED

रायपुर पहुंचे छत्तीसगढ़ के कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट, दिनेश मिरानिया के परिजनों से की मुलाकात

 

छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी और वरिष्ठ नेता सचिन पायलट आज रायपुर पहुंचे, जहां एयरपोर्ट पर उनका जोरदार स्वागत किया गया। पीसीसी चीफ दीपक बैज , पूर्व मंत्री मोहम्मद अकबर छाया वर्मा विकास उपाध्याय , एजाज ढेबर समेत कई नेताओं ने बैंड-बाजे के साथ उनका स्वागत किया।

 

रायपुर पहुंचते ही सचिन पायलट सबसे पहले पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए दिनेश मिरानिया के निवास पहुंचे और उनके परिजनों से मुलाकात कर संवेदना प्रकट की। उन्होंने परिवार को भरोसा दिलाया कि कांग्रेस पार्टी हमेशा उनके साथ खड़ी है।

आतंकवाद के मुद्दे पर केंद्र सरकार पर निशाना

मीडिया से बात करते हुए सचिन पायलट ने कहा, “भविष्य में इस तरह की घटनाओं को अंजाम देने वाली ताकतों का पूरी तरह से सफाया होना चाहिए। भारतीय सेना ने जो पराक्रम दिखाया है, वह अद्वितीय है, हम उन्हें सलाम करते हैं।”

 

उन्होंने केंद्र सरकार से सवाल किया कि क्या पाकिस्तान को ऐसा कोई स्पष्ट संदेश दिया गया है कि वह भविष्य में ऐसी हरकतें न दोहराए? उन्होंने कहा, “अमेरिका की ओर से सीजफायर की बात होती है, लेकिन असली मुद्दा आतंकवाद है, जिसे नजरअंदाज किया जा रहा है।”

पाकिस्तान और अमेरिका पर भी उठाए सवाल

सचिन पायलट ने कहा कि अमेरिका के राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री जब भी बातचीत करते हैं, तो आतंकवाद का मुद्दा गंभीरता से नहीं उठता। “वो कश्मीर और व्यापार पर बात करते हैं, लेकिन भारत की सबसे बड़ी चिंता आतंकवाद है,” उन्होंने कहा।

पार्लियामेंट का विशेष सत्र बुलाने की मांग

सचिन पायलट ने केंद्र सरकार से संसद का विशेष सत्र )बुलाने की मांग की। उन्होंने कहा, “आज भारत की तुलना चीन से नहीं, पाकिस्तान से हो रही है, जो बेहद चिंता का विषय है। हमें पाकिस्तान पर भरोसा नहीं है और सरकार को इस पर स्पष्टता लानी चाहिए।”

 

राहुल गांधी द्वारा उठाए गए वायुसेना स्ट्राइक के सवालों पर पायलट ने कहा, “भारतीय सेना और डीजीएमओ की जानकारी पर हमें पूरा भरोसा है। आतंकवाद के खिलाफ हर सरकारी प्रयास को हमारा समर्थन है।”

 

कल संविधान बचाओ रैली में होंगे शामिल

 

शहीद परिवार से मुलाकात के बाद सचिन पायलट रायपुर के समता कॉलोनी से बिलासपुर के लिए रवाना हुए। वहां वे रात्रि विश्राम करेंगे और कल जांजगीर में आयोजित संविधान बचाओ रैली में प्रमुख रूप से शामिल होंगे।

Related Articles

Back to top button