लखनऊ सुपर जाएंट्स ने मुंबई इंडियंस को 12 रनों से हराया

आईपीएल 2025 का 16वां लीग मैच लखनऊ सुपर जाएंट्स और मुंबई इंडियंस के बीच इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया। लखनऊ की टीम ने मुकाबले को 12 रनों से अपने नाम किया जिसमें ये उनकी इस सीजन की दूसरी जीत थी। इस मैच में मुंबई इंडियंस टीम के कप्तान हार्दिक पांड्या ने टॉस जीतने के बाद पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया था। लखनऊ सुपर जाएंट्स की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर्स में 203 रनों का स्कोर बनाया है, जिसमें उनकी तरफ से मिचेल मार्श ने जहां 60 रनों की पारी खेली तो वहीं एडन माक्ररम के बल्ले से 53 रनों की पारी देखने को मिली। मुंबई इंडियंस की तरफ से इस मैच में गेंदबाजी से उनके कप्तान हार्दिक पांड्या ने कमाल दिखाया जो 5 विकेट लेने में कामयाब रहे, इसके अलावा विग्नेश पुथुर, अश्वनी कुमार और ट्रेंट बोल्ट ने 1-1 विकेट लिया। मुंबई इंडियंस की टीम टारगेट का पीछा करते हुए 20 ओवर्स में 5 विकेट के नुकसान पर 191 रनों का स्कोर बनाने में सफल हो सकी। मुंबई की तरफ से सूर्यकुमार यादव ने 67 और नमन धीर ने 46 रनों की पारी खेली लेकिन वह टीम को जीत दिलाने में कामयाब नहीं हो सके। लखनऊ के लिए गेंदबाजी में शार्दुल, आवेश, आकाश दीप, और दिग्वेश राठी ने 1-1 विकेट अपने नाम किया।



