FEATURED

सचिन की इंडिया मास्टर्स बनी चैंपियन, इंडिया मास्टर्स ने फाइनल में वेस्टइंडीज को हराया

सचिन तेंदुलकर की कप्तानी वाली इंडिया मास्टर्स ने इंटरनेशनल मास्टर्स लीग (IML) 2025 का खिताब जीत लिया। इंडिया मास्टर्स ने रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए फाइनल मैच में ब्रायन लारा की टीम वेस्टइंडीज मास्टर्स को 6 विकेट से रौंदा। इंडिया मास्टर्स की इस जीत में सलामी बल्लेबाज अंबाति रायडू का अहम योगदान रहा, जिन्होंने शानदार अर्धशतक जड़ा। पहले बल्लेबाजी करते हुए वेस्टइंडीज मास्टर्स की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 148 रनों का स्कोर खड़ा किया। वेस्टइंडीज के लिए लेंडल सिमंस ने सबसे ज्यादा 57 रन बनाए। वहीं, ड्वेन स्मिथ ने 45 रनों की पारी खेली। भारत की ओर से गेंदबाजी में विनय कुमार ने कमाल किया। उन्होंने 3 विकेट अपने नाम किए। वहीं, अंबाति रायडू ने 50 गेंदों पर 74 रनों की पारी खेली।

 

सचिन की कप्तानी में चैंपियन बनी इंडिया मास्टर्स

वेस्टइंडीज के 148 रनों का पीछा करने उतरी इंडिया मास्टर्स की सलामी जोड़ी ने धमाकेदार अंदाज में आगाज किया। सचिन तेंदुलकर और अंबाति रायडू की सलामी जोड़ी ने मिलकर पहले विकेट के लिए 67 रन जोड़े। सचिन 25 रन बनाकर 8वें ओवर में आउट हुए। इस दौरान अंबाति रायडू एक छोर पर डटे रहे और अर्धशतक पूरा करने में कामयाब रहे। इसके कुछ देर बाद गुरकीरत सिंह मान भी 14 रन बनाकर चलते बने। गुरकीरत के आउट होने के बाद युवराज सिंह की मैदान पर एंट्री हुई। रायडू और युवराज टीम का स्कोर 14 ओवर में 124 रन तक ले गए, लेकिन अगले ही ओवर में रायडू बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में कैच दे बैठे। इसके तुरंत बाद ही युसूफ पठान 3 गेंद खेलकर डक पर पवेलियन लौट गए। यहां से मैच थोड़ा रोमांचक हो गया लेकिन युवराज ने एक छोर संभाले रखा और स्टुअर्ट बिन्नी के साथ मिलकर 18वें ओवर में टीम को जीत दिला दी।

Related Articles

Back to top button