सैफ अली खान पर हमला करने वाला संदिग्ध पकड़ा गया, बांद्रा स्टेशन में चल रही पूछताछ

बॉलीवुड सुपरस्टार सैफ अली खान पर जानलेवा हमला करने वाले एक संदिग्ध युवक को पुलिस ने करीब 30 घंटे बाद हिरासत में ले लिया है. शुक्रवार सुबह उसे बांद्रा पुलिस स्टेशन लाया गया है, जहां उससे पूछताछ की जा रही है. जिस शख्स को हिरासत में लिया गया वह हमलावर ही है, यह अभी कन्फर्म नहीं है. पुलिस पहले सैफ अली खान की मेड को बुलाकर उसकी पहचान कराएगी. उसके बाद ही कोई ऑफिशियल स्टेटमेंट जारी करेगी.
घर के लेआउट से पूरी तरह वाकिफ था हमलावर’
पुलिस के मुताबिक, अभिनेता पर हमला करने वाला शख्स घर के लेआउट से पूरी तरह वाकिफ था. सैफ 11वीं और 12वीं मंजिल पर रहते हैं. इमारत के छठे फ्लोर पर 2 बजकर 33 मिनट के आसपास संदिग्ध का फुटेज कैद हुआ. यह क्लिप घटना के बाद का बताया जा रहा है, जिसमें वह सीढ़ियों से भागता देखा जा सकता है. आरोपी ने कॉलर वाली टीशर्ट पहन रखी है, लाल रंग का गमछा और पीठ पर बैग भी टांग रखा है. घटनास्थल से बरामद हुए सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस चोर को चिन्हित करने का प्रयास कर रही है, लेकिन किसी की भी पहचान ढंग से नहीं हो पा रही है. पुलिस ने अपनी तहकीकात के दौरान पाया कि घर के बाहर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए थे.



