तीसरी बार झारखंड के मुख्यमंत्री बने हेमंत सोरेन, राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने दिलाई शपथ

रांचीः झारखंड में एक बार फिर से हेमंत सोरेन के नेतृत्व में इंडिया अलायंस की सरकार बन गई है। झारखंड के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस दौरान इंडिया अलायंस के कई प्रमुख नेता मौजूद थे। शपथ ग्रहण समारोह में जेएमएम सुप्रीमो शिबू सोरेन, पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन, हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन समेत परिवार और गठबंधन के कई नेता मौजूद थे।
154 दिनों बाद फिर सीएम बने हेमंत सोरेन
हेमंत सोरेन ने गुरुवार शाम 4.55 बजे झारखंड के सीएम के रूप में शपथ ले ली है। कुल 154 दिनों के बाद उन्होंने एक बार फिर यह दायित्व संभाला है। ऐसी संभावना जताई जा रही है कि कैबिनेट के बाकी मंत्रियों को 7 जुलाई या किसी और दिन शपथ दिलाई जाएगी। समारोह में चंपई सोरेन, झारखंड कांग्रेस के प्रभारी गुलाम अहमद मीर सहित इंडिया गठबंधन की झारखंड इकाई के शीर्ष नेता मौजूद रहे।
शपथग्रहण से ठीक पहले हेमंत सोरेन ने अपना एक वीडियो संदेश जारी कर बीजेपी पर निशाना साधा है। उन्होने अपने संदेश में कहा है कि 5 महीने पहले सत्ता के मद में चूर अंहकारियों ने उन्हें चुप कराने की कोशिश की थी। आज झारखंडियों की जनमत वापस बुलंद होगी। उन्होंने कहा कि पांच महीनों तक मुझे अलग-अलग तरीकों से लंबे समय तक जेल में रखने का प्रयास किया। जिसके बाद उन्होंने कानून लड़ाई का रास्ता अख्तियार किया। अंतोगत्वा न्याय उन्हें न्याय मिला। हेमंत सोरेन ने कहा कि 2019 में जनता ने उन्हें मौका दिया था लेकिन षडयंत्रकारियों को यह पचा नहीं कि आदिवासी नौजवान कैसे इतने उंचे पदों पर जा सकता हैं।
31 जनवरी को झूठे केस बना कर उन्हें मुख्यमंत्री पद से हटाने के लिए मजबूर कर दिया। भगवान के घर अंधेर नहीं होती है। लोकसभा चुनाव में आपने जिस झारखंड एकता का परिचय दिया है उसका ऋणी रहूंगा। झारखंड के गरीब आदिवासी, दलितों की आवाज है। लोगों ने उन्हें सेवा का मौका दिया। उन्होंने लोगों के दरवाजे तक पहुंचने का प्रयास किया। लेकिन कुछ लोगों ने उनके कदमों को रोकने के लिए एड़ी चोटी एक कर दिया। कुछ समय के लिए रोकने में कामयाब हो पाए, लेकिन अब वो फिर से आ रहे हैं। वो हर वर्ग के लिए काम करेंगे।



