बीजेपी को टीएमसी ने दी इन मुद्दों पर खुली बहस की चुनौती, कहा- जनता के सामने आ जाएगा पूरा सच

पश्चिम बंगाल में लोकसभा चुनाव से पहले मनरेगा और पीएम आवास योजना की फंडिंग का मामला तूल पकड़ रहा है। अब तृणमूल कांग्रेस ने भाजपा को इन मुद्दों पर खुली बहस की चुनौती दी है। टीएमसी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी का कहना है कि केंद्र सरकार इस बात के सबूत पेश करे कि पिछले दो वर्षों में मनरेगा और पीएम आवास योजना के लिए फंडिंग नहीं रोकी गई। टीएमसी नेता चंद्रिमा भट्टाचार्य ने कहा कि पिछले दो वर्षों में आवास परियोजनाओं या मनरेगा के लिए किसी भी तरह का धन आवंटित नहीं किया गया। इसकी वजह से 59 लाख जॉब कार्ड धारक संकट में हैं।
टीएमसी ने दी खुली बहस की चुनौती
उधर पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी ने दावा किया कि आवास योजना के तहत पश्चिम बंगाल को फंड दिया गया था। इस बयान के बाद तृणमूल कांग्रेस ने सुवेंदु अधिकारी को बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष सुकांता मजूमदार के साथ खुली बहस में शामिल होने की चुनौती दी है। टीएमसी का कहना है कि इस खुली बहस में उनकी पार्टी की तरफ से अभिषेक बनर्जी पूरे तथ्य और आंकड़ों के साथ मौजूद रहेंगे।
टीएमसी नेता चंद्रिमा भट्टाचार्य ने कहा कि पिछले दो वर्षों में पीएम आवास योजना के दावेदारों और 59 लाख मनरेगा जॉब कार्ड धारकों को एक भी पैसा नहीं दिया गया, इस वजह से वो सभी लोग संकट में हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष के नेताओं को इन तथ्यों के बारे में कोई जानकारी नहीं है। इसलिए भाजपा अपने हिसाब से ऐसी जगह तय करे, जहां खुली बहस हो सके। हम वहां सभी तथ्यों और आंकड़ों को सार्वजनिक करेंगे।



