भाटापरा पुलिस की बड़ी करवाई, ऑनलाइन क्रिकेट सट्टेबाजी गिरोह का भंडाफोड़, दिल्ली से 10 आरोपी गिरफ्तार

जिला पुलिस की सक्रियता और मीडिया की लगातार रिपोर्टिंग का बड़ा असर देखने को मिला है। लंबे समय से छोटे सटोरियों को पकड़ने में लगी पुलिस के हाथ अब बड़ी सफलता लगी है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित साइबर टीम ने दिल्ली में छापा मारकर अंतरराज्यीय ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा गिरोह का भंडाफोड़ किया है।
यह वर्ष 2025 में जिले की पहली बड़ी कार्रवाई है, जिसमें पुलिस ने आईपीएल क्रिकेट सट्टा गिरोह का नेटवर्क उजागर करते हुए 10 आरोपियों को दिल्ली से गिरफ्तार किया है।
ऑनलाइन सट्टे का हाईटेक जाल
पूरी कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आठ लैपटॉप, 52 मोबाइल, एक इंटरनेट राउटर, 42 एटीएम कार्ड, 64 बैंक अकाउंट, 22 बैंक चेकबुक, मोबाइल चार्जर, इथर बॉक्स, लेन केबल, एक्सटेंशन बोर्ड और 38,000 रुपये जब्त किए हैं।
दिल्ली से होता था सट्टे का संचालन
पुलिस जांच में यह सामने आया कि गिरोह का मुख्यालय दिल्ली में है, जहां से देश के विभिन्न राज्यों में लॉगिन आईडी वितरित कर सट्टा संचालन किया जा रहा था। आरोपी किराए के फ्लैट में बैठकर मोबाइल, टीवी और अन्य डिवाइस के जरिए आईपीएल सट्टा चला रहे थे।



